Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

Lionel Messi Controversy : मेस्सी विवाद में नाम घसीटने पर गांगुली का बड़ा कदम, 50 करोड़ का मानहानि केस

गांगुली ने मेस्सी के कोलकाता दौरे पर विवाद मामले में 50 करोड़ रुपए का मानहानि का मुकदमा दायर किया

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

Lionel Messi Controversy : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने लियोनेल मेस्सी विवाद में उनका नाम ‘झूठे' तरीके से घसीटने और अपने बारे में अपमानजनक सार्वजनिक बयान देने के आरोप में कोलकाता स्थित एक फुटबॉल प्रशंसक क्लब के अधिकारी पर 50 करोड़ रुपए का मानहानि का मुकदमा दायर किया है।

क्रिकेटर से खेल प्रशासक बने गांगुली ने बृहस्पतिवार को अर्जेंटीना फुटबॉल फैन क्लब' के उत्तम साहा के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी। गांगुली ने पीटीआई' को बताया कि मैंने पुलिस में शिकायत के अलावा फुटबॉल प्रशंसक क्लब के इस अधिकारी को 50 करोड़ रुपए का कानूनी नोटिस भेजा है। वह जो मन में आता है, वह कहते रहते हैं।

Advertisement

साहा ने एक पत्रकार से बातचीत में गांगुली पर मेस्सी के ‘जीओएटी इंडिया टूर' का मुख्य आयोजक होने का आरोप लगाते हुए दावा किया था कि गिरफ्तार मुख्य आयोजक सतद्रु दत्ता केवल एक मोहरा है। कोलकाता पुलिस के साइबर सेल को भेजे गए अपने ईमेल शिकायत में गांगुली ने कहा कि उस व्यक्ति के बयानों ने उनकी प्रतिष्ठा और मानसिक शांति को प्रभावित किया है।

Advertisement

अपने ईमेल में गांगुली ने कहा कि अपने कई दशकों के पेशेवर करियर में उन्होंने देश और दुनिया भर में एक खिलाड़ी और खेल प्रशासक के रूप में ख्याति अर्जित की है और ये ‘बेबुनियाद' बयान उनकी इस छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से दिए गए हैं।

गांगुली को 13 दिसंबर को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी मेस्सी और उनके दल को सम्मानित करने के लिए मंच पर उपस्थित रहना था, लेकिन मेस्सी के स्टेडियम से समय से पहले चले जाने के बाद साल्ट लेक स्टेडियम में दर्शकों द्वारा मचाई गई व्यापक हिंसा के मद्देनजर कार्यक्रम रद्द कर दिया गया।

Advertisement
×