Indian Women's Blind Team : तेंदुलकर ने टी20 विश्व कप विजेता टीम से की मुलाकात, जज्बे को सराहा
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और भारतीय महिला दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम के बीच मुलाकात एमआईजी क्रिकेट क्लब में हुई
Indian Women's Blind Team : महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय महिला दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम से मुलाकात की। उन्होंने चुनौतियों से पार पाने और देश का नाम रोशन करने के उनके जज्बे की तारीफ की।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और भारतीय महिला दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम के बीच यह मुलाकात मंगलवार को यहां एमआईजी क्रिकेट क्लब में हुई। आयोजकों ने कहा कि दिग्गज खिलाड़ी (तेंदुलकर) ने टीम को याद दिलाया कि सफलता अपने साथ बड़ी जिम्मेदारी भी लाती है। उम्मीदें बढ़ेंगी और उन्हें पूरा करने के लिए और भी कड़ी मेहनत और बेहतर एकाग्रता की जरूरत होगी।
इस बात पर जोर देते हुए कि विश्व कप जीत कोई आखिरी पड़ाव नहीं है। उन्होंने इसे एक लंबी यात्रा की शुरुआत बताया जो अब अनगिनत लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। भारतीय महिला दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम की कप्तान दीपिका टीसी ने कहा कि हमने हमेशा जुनून और विश्वास के साथ खेला है। उनके प्रोत्साहन के शब्दों ने हमारा दिल गहराई तक छुआ है।

