India vs Pakistan: एशियाई खेलों में भारत का दमदार प्रदर्शन, महिला टेबल टेनिस टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से हराया
India vs Pakistan: ग्रुप एफ में लगातार तीसरी जीत के साथ भारत क्वार्टर फाइनल में पहुंचा, सुतीर्था, सिंड्रेला और श्रीजा ने जीते मुकाबले
India vs Pakistan: भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने सोमवार को यहां एकतरफा मुकाबले में पाकिस्तान को 3-0 से हराकर एशियाई खेलों के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। स्काई हॉल में भारत ने ग्रुप एफ में लगातार तीसरी जीत दर्ज कर शीर्ष स्थान हासिल किया।
भारत ने रविवार को अपने शुरुआती मुकाबलों में इंडोनेशिया और सिंगापुर को हराया था और इसके बाद चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ भी अपना दबदबा कायम रखा। हांगझोउ एशियाई खेलों में महिला युगल का कांस्य पदक जीतने वाली सुतीर्था मुखर्जी ने अलीना खान को केवल 10 मिनट में 11-3, 11-3, 11-4 से हराकर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई।
इसके बाद 17 वर्षीय सिंड्रेला दास ने कलसूम खान को 11-6, 11-7, 11-5 से हराकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। आईटीटीएफ महिला एकल रैंकिंग में फिलहाल 99वें स्थान पर काबिज सिंड्रेला को घरेलू सर्किट में शानदार प्रदर्शन का इनाम एशियाई खेलों के लिए सीनियर टीम में चयन के रूप में मिला है।
यह भी पढ़ें: Asian Games Shooting: एशियाई खेलों में भारत को 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में रजत, चीन ने जीता स्वर्ण
श्रीजा अकुला ने फातिमा खान को महज 11 मिनट में 11-4, 11-4, 11-5 से हराकर मुकाबला भारत के नाम किया और टीम को अंतिम आठ में पहुंचाया।

