India vs Japan : विदेशी धरती पर पहली बार क्रिकेट मैच से पहले गूंजा ‘वंदे मातरम्’, भारत-जापान मुकाबले से पहले हुआ खास आयोजन
भारत-जापान टी20 मैच: खेल शुरू होने से पूर्व राष्ट्रगान से पहले बजाया गया वंदे मातरम्
India vs Japan : विदेशी सरजमीं पर पहली बार किसी क्रिकेट मैच से पहले 'वंदे मातरम्' बजाया गया। भारत और जापान के बीच मंगलवार को यहां सानो अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में ऐतिहासिक एकमात्र टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के शुरू होने से पहले राष्ट्रगान से पूर्व राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' बजाया गया।
भारत के 13 सितंबर को अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भी खेल शुरू होने से पहले भारतीय राष्ट्रगान से पूर्व 'वंदे मातरम्' बजाया गया था। किसी अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में यह इस तरह का पहला अवसर था।
गृह मंत्रालय ने इस साल छह फरवरी को जारी दिशानिर्देशों में राष्ट्रीय गीत के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में 'वंदे मातरम्' के गायन को अनिवार्य किए जाने की बात कही थी। इस बीच भारत और जापान के बीच पहली बार खेला जा रहा टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला गीले आउटफील्ड के कारण पांच-पांच ओवर प्रति पारी का कर दिया गया।

