IND vs ENG : अब और ज्यादा लोग देख पाएंगे भारत-इंग्लैंड का मुकाबला, ECB ने बदली टाइमिंग
भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 मैच एक घंटा पहले शुरू होंगे
इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने भारत के खिलाफ होने वाले सभी 5 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों को एक घंटा पहले शुरू करने का फैसला किया है। ये मैच भारतीय समयानुसार रात 10 बजे शुरू होंगे, जिससे उपमहाद्वीप में अधिक से अधिक लोग टेलीविजन पर इन्हें देख सकें।
नेटवर्क के बीच बातचीत के बाद तय किया जाता है
ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक विश्व कप जीतने वाली इन दो टीम के बीच होने वाले पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच पहले भारतीय समयानुसार रात 11 (स्थानीय समय शाम साढ़े छह बजे) शुरू होने वाले थे, लेकिन प्रसारणकर्ताओं के साथ बातचीत के बाद इनका समय एक घंटा पहले कर दिया गया है। इंग्लैंड में होने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के शुरू होने का समय ईसीबी, आयोजन स्थल, विरोधी बोर्ड और घरेलू व विदेशी प्रसारणकर्ताओं- इस मामले में स्काई स्पोर्ट्स और सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के बीच बातचीत के बाद तय किया जाता है।
3 मैच की एकदिवसीय श्रृंखला भी खेलेगा भारत
इसमें आगे कहा गया कि शाम साढ़े छह बजे (जो हाल के सत्र में आम हो गया था) से समय में बदलाव यह दिखाता है कि इंग्लैंड क्रिकेट लुभावनी श्रृंखलाओं (वे श्रृंखलाएं जिनमें भारत खेलता है) पर कितना निर्भर है। ईसीबी की हाल ही में जारी वित्तीय रिपोर्ट में यह बात साफ हो गई थी। रिपोर्ट के अनुसार भारत इस दौरे पर 3 मैच की एकदिवसीय श्रृंखला भी खेलेगा, जिसके सभी टिकट बिक चुके हैं।
कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ श्रृंखला में नहीं खेलेंगे
यह देखना होगा कि पैर की मांसपेशियों की चोट से जूझ रहे स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इस दौरे के लिए समय पर फिट हो पाते हैं या नहीं। बीसीसीआई ने पिछले हफ्ते कहा था कि वह इंग्लैंड एकदिवसीय श्रृंखला के लिए टीम का ऐलान अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू मैदान पर होने वाली 50 ओवर की श्रृंखला के आखिर में करेगा। कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ श्रृंखला में नहीं खेलेंगे।
