हरियाणा के स्विमर्स तैयार, जयपुर नेशनल चैंपियनशिप के लिए टीम का हुआ चयन
सब जूनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप के लिए हरियाणा टीम का हुआ टाइम ट्रायल
Haryana Sports News : जयपुर में आयोजित होने वाली सब जूनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप के लिए शहर की एचएल सिटी स्थित चैंपियंस एक्वेटिक एकेडमी में हरियाणा की टीम के चयन हेतु ट्रायल प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस दौरान प्रदेशभर से आए सैकड़ों तैराकों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए दावा पेश किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ हरियाणा स्विमिंग एसोसिएशन के महासचिव अनिल खत्री ने किया। चयन प्रक्रिया के तहत खिलाड़ियों का टाइम ट्रायल लिया गया, जिसके आधार पर हरियाणा की टीम का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ी अब 6 से 9 अगस्त तक जयपुर में आयोजित होने वाली सब जूनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर अनिल खत्री ने कहा कि हरियाणा के तैराक लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार राज्य के खिलाड़ी पिछले नेशनल गेम्स की तुलना में अधिक पदक जीतकर हरियाणा का नाम पूरे देश में रोशन करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन और मेहनत के साथ प्रतियोगिता में उतरने का संदेश देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर हरियाणा स्विमिंग एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रवि सिंघरी, कोच साईं जाधव, पदमपाल शर्मा, सुनील खत्री, कोच रविन्द्र, अनिल शर्मा, हरबीर, सत्यनारायण शर्मा, हनुमान खत्री भी मौजूद रहे।

