Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

Asian Games 2026: इलावेनिल-पार्थ पदक से चूके, 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम में चौथा स्थान हासिल किया

Asian Games 2026: भारतीय निशानेबाज इलावेनिल वलारिवन और पार्थ माने की जोड़ी मंगलवार को यहां एशियाई खेलों की 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल में क्वालीफिकेशन की शानदार लय को बरकरार नहीं रख सकी और चौथे स्थान...

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
भारतीय निशानेबाज इलावेनिल वलारिवन और पार्थ माने
Advertisement

Asian Games 2026: भारतीय निशानेबाज इलावेनिल वलारिवन और पार्थ माने की जोड़ी मंगलवार को यहां एशियाई खेलों की 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल में क्वालीफिकेशन की शानदार लय को बरकरार नहीं रख सकी और चौथे स्थान पर रही।

इलावेनिल और पार्थ इससे पहले अपनी टीम स्पर्धाओं में रजत पदक जीत चुके थे लेकिन मिश्रित फाइनल में चीन, दक्षिण कोरिया और जापान की जोड़ियों को चुनौती पेश नहीं कर सके। भारतीय जोड़ी पूरे फाइनल के दौरान पिछड़ती रही और अंतत: 376.3 अंक के साथ पदक की दौड़ से बाहर हो गई।

Advertisement

चीन की वांग झिफेई और शेंग लिहाओ की जोड़ी ने 507.1 अंक के विश्व रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। दक्षिण कोरिया की बान ह्योजिन और पार्क हाजुन ने 502.9 अंक के साथ रजत पदक हासिल किया जबकि जापान के नाओकी हानाकावा और मिसाकिया नोबाटा ने 439.7 अंक के साथ कांस्य पदक जीता।

Advertisement

क्वालीफिकेशन में चौथे स्थान पर रहे वियतनाम को अयोग्य घोषित कर दिया गया। इलावेनिल व्यक्तिगत और महिला टीम स्पर्धाओं में अपने प्रदर्शन जैसी निरंतरता नहीं दिखा सकीं। उन्होंने इन दोनों स्पर्धाओं में रजत पदक जीते थे। भारत ने पहली सीरीज में 103.6 अंक हासिल किए और दूसरी सीरीज में अपना कुल स्कोर बढ़ाकर 207.9 कर लिया। तीसरी सीरीज के अंत में उसका स्कोर 312.3 था जबकि 15 शॉट के बाद दक्षिण कोरिया के 314.3 अंक थे। 18वें शॉट के बाद भारत पदक की दौड़ से बाहर हो गया।

इलावेनिल और पार्थ ने 634.6 अंक के स्कोर से क्वालीफिकेशन में दूसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। वांग और शेंग की जोड़ी 638.9 अंक के साथ क्वालीफिकेशन में शीर्ष पर रही। यह क्वालीफिकेशन में विश्व रिकॉर्ड स्कोर है। ह्योजिन और हाजुन 633.2 अंक के साथ क्वालीफिकेशन में तीसरे स्थान पर रहे।

वियतनाम की थान थाओ फी और टैम क्वांग एनगुयेन ने 631 अंक के साथ चौथा स्थान हासिल किया था लेकिन बाद में डिस्क्वालीफाई हो गए। इलावेनिल और पार्थ इससे पहले मौजूदा एशियाई खेलों में क्रमश: भारतीय पुरुष और महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम का हिस्सा रहे थे जिन्होंने रजत पदक जीते थे। इलावेनिल ने महिला 10 मीटर एयर राइफल में भी रजत पदक अपने नाम किया था।

Advertisement
×