पृथ्वी शॉ से अलग हुईं एक्ट्रेस आकृति अग्रवाल, बोलीं- रास्ते साथ चलने के लिए नहीं बने; 6 महीने पहले हुई थी सगाई
आकृति ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पृथ्वी शॉ से अलग होने की जानकारी दी
Prithvi Shaw-Akriti Agarwal Separation: क्रिकेटर पृथ्वी शॉ और एक्ट्रेस आकृति अग्रवाल का सगाई के छह महीने बाद रिश्ता टूट गया है। आकृति ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पृथ्वी शॉ से अलग होने की जानकारी दी। उन्होंने अपने पोस्ट में लोगों से इस मुश्किल समय में उनकी प्राइवेसी का सम्मान करने और अलगाव की वजह को लेकर अटकलें नहीं लगाने की अपील की है।
आकृति अग्रवाल ने शेयर किया इमोशनल पोस्ट
आकृति अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी करते हुए लिखा, "भारी मन से मैं साझा करना चाहती हूं कि मेरे मंगेतर और मैंने अपने भविष्य के लिए अलग-अलग लक्ष्यों और परिस्थितियों के कारण अलग होने का फैसला किया है।"दोनों एक-दूसरे से प्यार और परवाह करते हैं, लेकिन अब उन्हें स्वीकार करना पड़ा है कि उनके रास्ते साथ चलने के लिए नहीं बने हैं। अपनी जिम्मेदारियों और मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का निर्णय लिया है।
फैंस से की प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील
आकृति ने अपने बयान में दोनों के लिए बेहतर भविष्य, शांति और खुशियों की कामना की। उन्होंने लोगों से इस मुश्किल समय में उनकी निजता का सम्मान करने की अपील करते हुए कहा कि अलगाव की वजह को लेकर किसी तरह की अटकलें या धारणाएं न बनाई जाएं। एक्ट्रेस ने अपने बयान के अंत में लोगों को समझने और उनकी निजी जगह का सम्मान करने के लिए धन्यवाद दिया।
मार्च में हुई थी पृथ्वी शॉ और आकृति की सगाई
बता दें कि इसी साल मार्च में भारतीय बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने आकृति अग्रवाल के साथ सगाई की घोषणा की थी। क्रिकेटर ने सोशल मीडिया पर सगाई की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा था, "From sixes on the field to a lifetime of hits off it. She's my perfect innings!"अब आकृति के अलग होने के बयान के बाद पृथ्वी शॉ की प्रतिक्रिया का इंतजार है।

