2026 World Cup : भारतीय टेंट पेगिंग टीम ने वर्ल्ड कप का टिकट किया पक्का, क्वालीफाइंग चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन
हरियाणा पुलिस के एएसआई जितेंद्र सिंह ने अंतरराष्ट्रीय एरिना में लहराया तिरंगा
2026 Tent Pegging World Cup : घुड़सवारी और साहस के संगम वाले खेल टेंट पेगिंग में भारत ने बड़ा मुकाम हासिल किया है। जॉर्डन के अकाबा में 29 से 31 जनवरी तक आयोजित विश्व कप क्वालीफाइंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम ने 2026 टेंट पेगिंग विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर लिया। तीन दिनों तक चले रोमांचक मुकाबलों में भारतीय सवारों ने कौशल, सटीकता और टीमवर्क का ऐसा तालमेल दिखाया कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा गर्व से लहराया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि में हरियाणा पुलिस के एएसआई जितेंद्र सिंह की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। उन्होंने अपने अनुशासित प्रशिक्षण और तकनीकी दक्षता के दम पर टीम की सफलता में अहम योगदान दिया। अंतरराष्ट्रीय टेंट पेगिंग महासंघ (आईटीपीएफ) ने आधिकारिक पत्र जारी कर भारतीय टीम के क्वालीफिकेशन की पुष्टि की है। प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने ओवरऑल स्टैंडिंग में तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता।
पहले दिन लांस इवेंट में टीम ने रजत पदक अपने नाम किया। दूसरे दिन स्वॉर्ड इवेंट में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार नियंत्रण और गति का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। इसी तरह तीसर दिन रिंग्स इवेंट में कांस्य पदक के साथ समापन किया। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में धनराज सिरसाट ने लांस इवेंट में कांस्य और स्वॉर्ड इवेंट में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। टीम के सदस्य धनराज सिरसाट, जितेंद्र सिंह, संदीप सिंह और एलडी बोंगे गणेश बालिराम ने अपने साहस और सटीक निशानेबाजी से प्रतियोगिता को रोमांचक बना दिया।
हरियाणा पुलिस के लिए गर्व का क्षण
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अजय सिंघल ने इस उपलब्धि पर खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत केवल खेल उपलब्धि नहीं, बल्कि अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विशेष रूप से एएसआई जितेंद्र सिंह की सराहना करते हुए कहा कि उनका प्रदर्शन युवा पुलिसकर्मियों और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। डीजीपी ने ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) संदीप सिंह कश्यप, कंसल्टेंट के-9 एवं माउंटेड पुलिस, के मार्गदर्शन को भी सराहा। उनके रणनीतिक प्रशिक्षण और तैयारी ने टीम को अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा के लिए सशक्त बनाया।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की बढ़ती पहचान
आईटीपीएफ के अध्यक्ष मोहम्मद ईसा अल फेयरूज ने भारतीय टीम को बधाई देते हुए कहा कि भारत ने विश्व स्तरीय प्रतिस्पर्धा में उल्लेखनीय प्रदर्शन कर अपनी क्षमता का परिचय दिया है। उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों के अनुशासन और निरंतर प्रगति को भारत में टेंट पेगिंग के सशक्त विकास का संकेत बताया।
अकाबा के रेत पर लिखी जीत की कहानी
अकाबा की रेत पर लिखी यह जीत अब 2026 विश्व कप में और बड़े मंच पर भारतीय परचम लहराने की उम्मीद जगा चुकी है। टेंट पेगिंग, जो परंपरागत रूप से सैन्य घुड़सवारी से जुड़ा खेल है, आज भारत में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। 2026 विश्व कप के लिए क्वालीफाई करना इस खेल के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है। यह उपलब्धि बताती है कि भारतीय खिलाड़ी केवल पारंपरिक खेलों में ही नहीं, बल्कि विशिष्ट और तकनीकी खेलों में भी विश्व स्तर पर अपनी छाप छोड़ रहे हैं।

