Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

तावड़ू के किसानों ने औद्योगिक सेक्टर-14 बसाने के खिलाफ खोला मोर्चा

एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, कहा- नहीं चाहिए उद्योग, बचानी है उपजाऊ खेती की जमीन

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
नूंह में सोमवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपते इलाके के किसान। -निस
Advertisement

तावड़ू क्षेत्र के किसानों ने प्रस्तावित औद्योगिक सेक्टर-14 के खिलाफ एकजुट होकर बड़ा विरोध शुरू कर दिया है। किसानों का कहना है कि इस योजना से उनकी उपजाऊ कृषि भूमि छिन जाएगी, जिससे उनकी आजीविका और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा। सोमवार को सैकड़ों किसान एसडीएम कार्यालय के समक्ष जमा हुए। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। इसके बाद एसडीएम जितेंद्र कुमार गर्ग को ज्ञापन सौंपा, जिसमें उन्होंने अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। किसानों ने कहा कि वे इस औद्योगिक क्षेत्र का विरोध करते हैं और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तुरंत रोकी जाए।

इससे पहले रविवार को प्रभावित किसानों ने नगर के वार्ड नंबर 16 में स्थित प्राचीन देवी मंदिर परिसर में बड़ी बैठक की। इसमें सैकड़ों किसान उपस्थित रहे, जहां उन्होंने प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी। किसान नेता शंकर शर्मा, मास्टर फरियाद, रिटायर सेना अधिकारी ताराचंद और रज्जू चेयरमैन सहित अन्य प्रभावित किसानों ने बताया कि उन्हें समाचार पत्रों के माध्यम से पता चला कि जिला नगर योजनाकार विभाग द्वारा तावड़ू में सेक्टर-14 औद्योगिक क्षेत्र का प्लान तैयार किया गया है और इसे मंजूरी भी मिल चुकी है। विभाग का दावा है कि इससे जिले में निवेश के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा।

Advertisement

हालांकि, किसानों का कहना है कि इस योजना से लगभग 177 एकड़ उनकी भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इससे पहले भी सरकार ने करीब 304 एकड़ भूमि अधिग्रहित की थी, जिसका उनके जीवन पर बुरा असर पड़ा है। किसानों ने आरोप लगाया कि सरकार ने उनके क्षेत्र, जमीन और निजी जीवन को नष्ट करने की पटकथा लिख दी है। किसानों ने कहा कि आबादी वाले क्षेत्र में बनने वाला औद्योगिक सेक्टर कभी सफल नहीं हो सकता। इससे भारी प्रदूषण फैलेगा, जिससे मानव जीवन, वन्य जीव और पर्यावरण बुरी तरह प्रभावित होगा। बता दें कि तावड़ू में औद्योगिक सेक्टर विकसित करने के लिए करीब 177 एकड़ भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की गई है। किसानों को एक महीने तक आपत्तियां दर्ज करने का समय दिया गया है, लेकिन स्थानीय किसानों ने इसका कड़ा विरोध शुरू कर दिया है।

Advertisement

Advertisement
×