मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार आतंकवाद और नक्सलवाद को जड़मूल से समाप्त करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही है। दंतेवाड़ा जैसी घटनाएं हमें यह याद दिलाती हैं कि यह लड़ाई अभी जारी है, लेकिन हमारे बहादुर जवान हर चुनौती का सामना करने के लिए सदैव तैयार हैं। हरियाणा वीरों की भूमि है, यहां के युवाओं में देश सेवा का जज्बा कूट-कूट कर भरा हुआ है।मुख्यमंत्री रविवार को गुरुग्राम में होम डेवलपर्स एसोसिएशन द्वारा शहीदी दिवस समारोह में छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में सीआरपीएफ के शहीद जवानों के सम्मान में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने लेजर वैली पार्क में शहीद भगत सिंह की प्रतिमा लगाने की घोषणा की। इस दौरान शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सीआरपीएफ जवानों के कल्याण स्वरूप सीआरपीएफ के डीआईजी परम शिवम को 38.25 लाख रुपये की राशि का चैक प्रदान किया। गुरुग्राम होम डेवलपर्स द्वारा एकत्रित यह धनराशि सीआरपीएफ के शहीद जवानों के परिवार कल्याण में इस्तेमाल की जाएगी। कार्यक्रम में पहुंचने पर होम डेवलपर्स एसोसिएशन के प्रधान नरेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। मुख्यमंत्री सैनी ने छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सच्चा देशभक्त वही है, जो राष्ट्र के लिए सर्वस्व न्यौछावर कर दे।उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा केवल सैनिकों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का साझा दायित्व है। हमें अपने-अपने क्षेत्र में ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए। यही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम के अंत में गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व अन्य मेहमानों का धन्यवाद व्यक्त किया।यह गणमान्य रहे उपस्थितइस अवसर पर हरियाणा के सैनिक एवं अर्द्ध सैनिक कल्याण, उद्योग, वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, सोहना विधायक तेजपाल तंवर, मेयर राजरानी मल्होत्रा, पूर्व एडीजीपी अनिल राव, भाजपा जिलाध्यक्ष सर्व प्रिय त्यागी, गुरुग्राम होम डेवलपर्स एसोसिएशन के प्रधान नरेंद्र यादव, दिनेश नागपाल, पीके दत्ता, पंकज रामपाल, अशोक आर्य, काउंसलर विजय परमार, बोधराज सिकरी, संदीप चौधरी के अलावा जिला प्रशासन की ओर से डीसी अजय कुमार, सीपी विकास अरोड़ा, निगमायुक्त प्रदीप दहिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।