हरियाणा प्रदेश सरपंच एसोसिएशन ने बृहस्पतिवार को जींद में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के खिलाफ बड़ा मोर्चा खोलते हुए ऐलान किया कि जींद में कुछ दिन पहले हुए कार्यक्रम में हरियाणा ही नहीं, पूरे देश के जनप्रतिनिधियों और खास कर पंचायत प्रतिनिधियों का अपमान करने के लिए मासूम शर्मा सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। अगर वह ऐसा नहीं करते हैं, तो हरियाणा के किसी भी गांव में उनके कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जाएगी। सरपंच एसोसिएशन ने आरोप लगाते हुए कहा कि गायक अपने गानों में गन कल्चर को बढ़ावा दे रहे हैं, उनके खिलाफ मामला दर्ज होना चाहिए और उन्हें मुहैया करवाई गई पुलिस सुरक्षा को वापस लिया जाए।जींद के हैबतपुर गांव में बृहस्पतिवार दोपहर हरियाणा सरपंच एसोसिएशन की राज्य स्तरीय बैठक प्रदेश अध्यक्ष रणवीर सिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें पूरे प्रदेश के ज्यादातर जिलों के सरपंच एसोसिएशन के जिला प्रधानों, ब्लॉक समिति और जिला परिषद सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में कहा गया कि मासूम शर्मा ने जींद में हुए एक कार्यक्रम में मुआना गांव के पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा का नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा और देश के सरपंचों तथा दूसरे जनप्रतिनिधियों का अपमान किया है। इसके लिए गायक मासूम शर्मा को सार्वजनिक रूप से जनप्रतिनिधियों से माफी मांगने के लिए तीन दिन की मोहलत देते हुए कहा गया कि 3 दिन में मासूम शर्मा ने माफी नहीं मांगी तो हरियाणा के किसी भी गांव में उनके कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जाएगी।सरपंच संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रणवीर सिंह ने आरोप लगाया कि मासूम शर्मा गन कल्चर को बढ़ावा दे रहे हैं। आज हुई बैठक में पहुंचे सभी जातियों के पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया। रणबीर सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायत ने जो स्वागत गेट गांव के बाहर लगवाया है, उस पर सरपंच, पंचायत मंत्री और मुख्यमंत्री का फोटो लगता है, मगर जींद के मुआना गांव की पंचायत के स्वागत गेट पर मासूम शर्मा का फोटो लगाया गया है, जो सरकारी पैसे का दुरुपयोग है।सरपंच एसोसिएशन की बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि जो भी लोक गायक या कलाकार सोशल मीडिया पर फूहड़ता परोस रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई हो और उनके गाने तथा वीडियो प्रतिबंधित किए जाएं। बैठक में पहुंचे जींद के मुआना गांव के पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा, जिनके साथ गायक मासूम शर्मा का जींद में स्टेज पर बैठने को देखकर विवाद हुआ था, ने कहा कि मासूम शर्मा ने अकेले उनका नहीं बल्कि तमाम सरपंचों का अपमान किया है। इसके लिए मासूम शर्मा सरपंचों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। उन्होंने कहा कि सरपंचों के सम्मान की इस लड़ाई में वह पूरी तरह से सरपंच एसोसिएशन के साथ हैं। बैठक में सुधीर बुआना, अनूप कंडेला समेत अनेक सरपंच, पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्य मौजूद रहे।