Rohtak-Dharamshala Bus Service : रोहतक से धर्मशाला के लिए फिर दौड़ी रोडवेज बस
पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा, धार्मिक व पर्यटन स्थलों तक परिवहन सुविधा का विस्तार सरकार की प्राथमिकता
Rohtak-Dharamshala Bus Service : रोहतक से धर्मशाला जाने वाले यात्रियों के लिए हरियाणा रोडवेज ने सीधी बस सेवा दोबारा बहाल कर दी है। मंगलवार को बस अड्डे से पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, उपायुक्त सतबीर सिंह और भाजपा के वरिष्ठ नेता सतीश नांदल ने बस को हरी झंडी दिखाकर धर्मशाला के लिए रवाना किया।
बस प्रतिदिन दोपहर 12 बजे रोहतक से रवाना होगी और करीब 510 किलोमीटर की दूरी लगभग 12 घंटे में तय कर रात 12 बजे धर्मशाला पहुंचेगी। एक तरफ का किराया 827 रुपये निर्धारित किया गया है।
शिमला और वैष्णो देवी के बाद धर्मशाला से सीधी कनेक्टिविटी
पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास लोगों को प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। हरियाणा रोडवेज की बस सेवाओं को दूसरे राज्यों के महत्वपूर्ण शहरों और धार्मिक स्थलों से जोड़ने का काम किया जा रहा है। शिमला और वैष्णो देवी जैसे प्रमुख स्थलों के बाद अब धर्मशाला के लिए बस सेवा दोबारा शुरू की गई है।
उन्होंने कहा कि इस सेवा से धर्मशाला जाने वाले यात्रियों के अलावा आनंदपुर साहिब, ऊना, चिंतपूर्णी, ज्वाला जी और कांगड़ा जाने वाले यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।
इलेक्ट्रिक और सीएनजी बसों को बढ़ावा देने पर जोर
ग्रोवर ने कहा कि सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के साथ आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल साधनों को बढ़ावा दे रही है। इलेक्ट्रिक और सीएनजी बसों के इस्तेमाल को बढ़ावा देकर प्रदूषण कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।
इन स्थानों पर होगा ठहराव
रोहतक-धर्मशाला बस निर्धारित मार्ग पर हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा मोहाली, आनंदपुर साहिब, ऊना, चिंतपूर्णी, ज्वाला जी और कांगड़ा में रुकेगी। बस धर्मशाला में रात्रि विश्राम करेगी। दोनों दिशाओं में नियमित बस सेवा उपलब्ध कराने के लिए निर्धारित समय के अनुसार बसों का संचालन किया जाएगा।
रोहतक-धर्मशाला अंतरराज्यीय बस सेवा पहले भी संचालित होती रही है, लेकिन कुछ समय से बंद थी। इसके दोबारा शुरू होने से रोहतक और आसपास के यात्रियों को धर्मशाला तथा रास्ते में पड़ने वाले धार्मिक स्थलों के लिए सीधी बस सुविधा मिल गई है।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सतीश नांदल, परिवहन महाप्रबंधक नवीन कुमार, विकास बंसल सहित परिवहन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

