Nashamukti Kanwar Yatra: हरिद्वार से बागेश्वर धाम तक नशा मुक्ति कांवड़ यात्रा, अभिमन्यु राव को झज्जर में खाप पंचायतों का मिला समर्थन
Nashamukti Kanwar Yatra: भारत निर्माण युवा दल के बैनर तले हरिद्वार से उठाईं नशा मुक्ति अभियान की कावड़
Nashamukti Kanwar Yatra: युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने और समाज में नशा मुक्ति को लेकर जनजागरण पैदा करने के उद्देश्य से भारत निर्माण युवा दल के बैनर तले अभिमन्यु राव ने अनूठी पहल शुरू की है। प्रदेश भर की खाप पंचायतों का आशीर्वाद लेकर अभिमन्यु राव हरिद्वार से नशा मुक्ति अभियान की कांवड़ उठाकर जनजागरण यात्रा पर निकले हैं। इसी कड़ी में यात्रा के झज्जर जिले के गांव डिघल पहुंचने पर अहलावत खाप-27 के नेतृत्व में युवाओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर प्रदेश भर की खाप पंचायतों के कोऑर्डिनेटर इंदर सिंह हुड्डा विशेष रूप से मौजूद रहे। वहीं अहलावत खाप के प्रधान जय सिंह सहित खाप के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने अभिमन्यु राव की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे युवाओं के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
अभिमन्यु राव ने कहा कि आज समाज के सामने नशा एक बड़ी चुनौती बन चुका है। गांवों में बड़ी संख्या में युवा सूखे नशे की चपेट में आ रहे हैं और चिंता की बात यह है कि हर साल इनकी संख्या बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि जिस गांव की आबादी करीब तीन हजार है, वहां भी पांच दर्जन से अधिक युवा सूखे नशे का सेवन कर रहे हैं। अगर समय रहते समाज ने इस दिशा में गंभीर कदम नहीं उठाए तो आने वाली पीढ़ियों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।
उन्होंने कहा, “हम फसल और नसल को बचाने के लिए जनजागरण की राह पर निकले हैं। नशे के खिलाफ लड़ाई केवल किसी एक व्यक्ति या संगठन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। संस्कृति और संस्कार बचाने के लिए सभी को आगे आना होगा।”
अभिमन्यु राव ने बताया कि हरिद्वार से शुरू हुई यह यात्रा सोनीपत, रोहतक, झज्जर और महेंद्रगढ़ क्षेत्र से होकर आगे बढ़ेगी। यात्रा का समापन बागेश्वर धाम में भगवान शंकर का जलाभिषेक करने के बाद किया जाएगा।
अहलावत खाप-27 के प्रधान जय सिंह और खाप पंचायतों के कोऑर्डिनेटर इंदर सिंह हुड्डा ने कहा कि अभिमन्यु राव ने जिस उद्देश्य को लेकर यह अभियान शुरू किया है, उसका निश्चित रूप से युवाओं को फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि खाप पंचायतें हमेशा सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाती रही हैं और नशे के खिलाफ इस मुहिम में भी समाज को एकजुट होकर सहयोग करना चाहिए।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, रोजगार और समाज सेवा जैसे सकारात्मक कार्यों में लगाएं। साथ ही अभिभावकों और ग्रामीणों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और नशे की शुरुआत में ही उसे रोकने के लिए मिलकर प्रयास करें।

