Jind Biogas Plant : बायो गैस प्लांट का विरोध तेज, लोगों की सांसों की लड़ाई मजबूती से लड़ेंगे : कांग्रेस
प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के सामने छलका लोगों का दर्द
Jind Biogas Plant : जींद के गोहाना रोड पर स्थित बायो गैस प्लांट को रिहायशी क्षेत्र से शिफ्ट करने की मांग अब और तेज हो गई है। बुधवार को लघु सचिवालय के बाहर कांग्रेस पार्टी के प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों, विभिन्न कॉलोनियों और गांवों के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से जुड़ा यह गंभीर मामला जींद के अलावा चंडीगढ़ और दिल्ली तक उठाया जाएगा।
इस मौके पर प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि रिहायशी क्षेत्र में बायो गैस प्लांट लगाना सीधे तौर पर स्थानीय लोगों के लिए हानिकारक है। उन्होंने बताया कि वे इस मसले को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखेंगे और जवाब मांगेंगे कि नियमों को दरकिनार कर आबादी के बीच यह प्लांट क्यों लगाया गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार को लोगों की भावनाओं की कद्र करनी चाहिए और कांग्रेस किसी भी सूरत में रिहायशी क्षेत्र में इस प्लांट को सुचारू रूप से चलने नहीं देगी। इस दौरान नीट परीक्षा लीक, पेट्रो पदार्थों की बढ़ती कीमतें, बेरोजगारी और लॉ एंड ऑर्डर की बिगड़ती स्थिति जैसे मुद्दे भी उठाए गए। पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह ने इस मुद्दे को लोगों की ‘सांसों पर हमला’ करार दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में इस प्लांट के विरोध में होने वाली हर महापंचायत या धरने में वह खुद शामिल होंगे। वहीं, कांग्रेस जिला प्रधान ऋषिपाल हैबतपुर ने आरोप लगाया कि तय नियमों को तार-तार करके इस प्लांट को मंजूरी दी गई है।
