Haryana: झज्जर के बरानी गांव से किडनैप हुआ नर्सिंग कॉलेज संचालक का बेटा रोहतक से बरामद
Haryana News: एसटीएफ व लोकल पुलिस सहित बच्चे की बरामदगी के लिए लगी थी 12 टीमें
Haryana News: झज्जर जिले के गांव बरानी से दिनदहाड़े अपहृत किए गए बच्चे को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। बच्चे को रोहतक से बरामद किया गया है। इस मामले में एसटीएफ, क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की कुल 12 टीमें लगातार कार्रवाई में जुटी हुई थीं।
डीसीपी क्राइम अमित दहिया ने बच्चे की बरामदगी की पुष्टि करते हुए बताया कि नर्सिंग कॉलेज संचालक के बेटे हुनरजीत का फाग वाले दिन सुबह करीब साढ़े दस बजे गांव बरानी के चौक से अपहरण कर लिया गया था। अपहरण की यह वारदात दिनदहाड़े होने से इलाके में सनसनी फैल गई थी।
घटना के दौरान अपहरणकर्ताओं द्वारा इस्तेमाल की जा रही एक स्कॉर्पियो गाड़ी का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय लोगों से मिले इनपुट के आधार पर ऑपरेशन चलाया और बच्चे को रोहतक से बरामद कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का दावा है कि अपहरणकर्ताओं के खिलाफ ठोस सबूत हाथ लगे हैं और उनकी पहचान भी कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।बच्चे को बरामद करने के बाद मेडिकल जांच करवाई गई, जिसके बाद उसे सुरक्षित उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया। वहीं पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपहरण में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

