Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

Haryana News : एमडीयू में स्पेशल ओलंपिक्स भारत का ऐतिहासिक शुभारंभ, मुख्यमंत्री सैनी ने किया उद्घाटन

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बोले- यह आयोजन खेल नहीं, मानव गरिमा और संकल्प का उत्सव है

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

Haryana News : महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के खेल परिसर में स्पेशल ओलंपिक्स भारत का भव्य शुभारंभ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया। देश के 27 राज्यों से आए लगभग 500 दिव्यांग खिलाड़ियों की उपस्थिति में यह आयोजन सामाजिक समावेशन, आत्मसम्मान और सशक्तिकरण का मजबूत संदेश बनकर सामने आया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ऐतिहासिक एमडीयू में स्पेशल ओलंपिक्स भारत का आयोजन होना पूरे प्रदेश और देश के लिए गौरव की बात है। यह प्रतियोगिता केवल पदक जीतने का मंच नहीं, बल्कि मानव आत्मा की शक्ति, आत्मविश्वास और असीम संभावनाओं का उत्सव है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी शारीरिक या बौद्धिक सीमा की मोहताज नहीं होती और स्पेशल ओलंपिक्स समाज को संवेदनशील व समावेशी बनाने का कार्य करता है।

Advertisement

मुख्यमंत्री ने स्पेशल ओलंपिक्स भारत की अध्यक्ष डॉ. मल्लिका नड्डा के योगदान की सराहना करते हुए बताया कि हाल ही में इटली में आयोजित स्पेशल ओलंपिक्स में भारतीय खिलाड़ियों ने 33 पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने घोषणा की कि इस प्रतियोगिता के लिए मुख्यमंत्री की ओर से 31 लाख रुपये तथा खेल मंत्री की ओर से 21 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते नौ वर्षों में हरियाणा सरकार ने खेलों के बुनियादी ढांचे व खिलाड़ियों के प्रोत्साहन पर 979 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।

Advertisement

स्पेशल ओलंपिक्स भारत की अध्यक्ष डॉ. मल्लिका नड्डा ने कहा कि हरियाणा खिलाड़ियों और खेल संस्कृति की भूमि है। उन्होंने दिव्यांगजनों के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त विशेष स्टेडियम की मांग रखी। खेल मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि गुरुग्राम के दौलताबाद स्टेडियम को दिव्यांगजनों के लिए मॉडल सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है।

एमडीयू के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने स्वागत भाषण में कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में खेलों को अभूतपूर्व प्रोत्साहन मिल रहा है। कार्यक्रम में अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, खिलाड़ी, स्वयंसेवक व छात्र उपस्थित रहे। यह प्रतियोगिता 7 फरवरी तक चलेगी।

Advertisement
×