तोशाम-खानक पहाड़ में बिना किसी पूर्व सूचना के एचएसआईआईडीसी कंपनी द्वारा अचानक खनन कार्य बंद किए जाने से क्रशर मालिकों में रोष है। खनन कार्य की शुरुआत करवाने तथा अन्य मांगों को लेकर खानक के क्रशर मालिक सिंचाई और महिला बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी के माध्यम से 8 अप्रैल को मुख्यमंत्री नायब सैनी से चंडीगढ़ में मुलाकात करेंगे।
यह निर्णय खानक में आयोजित क्रशर मालिकों की बैठक में लिया गया। बैठक में बड़ी संख्या में क्रशर मालिकों ने एकजुट होकर एचएसआईआईडीसी के इस निर्णय का विरोध किया। क्रशर एसोसिएशन खानक-डाडम के प्रधान भीष्म मेहता और क्रशर मालिकों ने बताया कि एचएसआईआईडीसी कंपनी ने 2 अप्रैल की शाम को पहाड़ से माल को जल्दी-जल्दी उठाने के लिए क्रशर मालिकों को कहा और 3 अप्रैल को ही सभी के पास मैसेज करके पहाड़ से गाड़ियां निकालने के आदेश दे दिए जबकि इस संबंध में कोई भी जानकारी या कारण नहीं बताया गया। यह पूरी तरह गलत आदेश थे।
खानक-डाडम में करीबन 150 क्रशर इकाइयां हैं, जो लगातार खनन कार्य न होने की वजह से बुरी तरह प्रभावित होती हैं। अचानक कार्य रोके जाने से क्रशर बाजार में क्रशर, रोड़ी-बजरी के दाम बढ़ गए हैं।
हर महीने क्रशर मालिकों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ रहा है। बैठक में सभी ने निर्णय लिया है कि क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाली सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी के माध्यम से अपनी समस्याओं को लेकर 8 अप्रैल को मुख्यमंत्री से मुलाकात की जाएगी और सभी समस्याओं को उनके सम्मुख रखा जाएगा।
बैठक में राजेश मेहता, मन्नू मेहता, अवध श्योराण, रमेश श्योराण, पूर्व सरपंच अमर सिंह, बनवारी लाल, जय सिंह सिंधु, राजीव चुघ, जयपाल पन्नू, विकास गोयल, मुकेश बजाज, अशोक पूनिया, नरेश जैन, सुनील महला, विजय, वीरेंद्र डांगी आदि उपस्थित रहे।

