आर्य करियर इंस्टिट्यूट परिसर में रविवार को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन आर्य संस्थान ढिगावा मंडी के पूर्व विद्यार्थियों जो वर्तमान में देश-विदेश में प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं, के द्वारा आयोजित किया गया। समारोह में प्रदेशभर से आए अनेक चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं सीए स्टूडेंट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।रंगों के इस पावन पर्व पर उपस्थित प्रतिभागियों ने आपसी मेल-मिलाप, संवाद और प्रोफेशनल नेटवर्किंग के माध्यम से रिश्तों को और मजबूत किया। आयोजन का उद्देश्य केवल होली का उत्सव मनाना नहीं, बल्कि एक सशक्त पेशेवर समुदाय का निर्माण करना था—जिसमें सहयोग, मार्गदर्शन और सामूहिक प्रगति की भावना को बढ़ावा मिले। कार्यक्रम के दौरान विशेष लंच एवं नेटवर्किंग सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें वरिष्ठ और युवा सदस्यों ने अपने अनुभव साझा किए। विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सीए ने करियर के अवसरों, चुनौतियों और बदलते आर्थिक परिदृश्य पर चर्चा करते हुए भावी पीढ़ी को मार्गदर्शन प्रदान किया।इस मौके पर एनआईआरसी सदस्य सीए गौरव अग्रवाल ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज हमारे क्षेत्र से निकले चार्टर्ड अकाउंटेंट्स देश ही नहीं, बल्कि दुनियाभर की शीर्ष कंपनियों में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है और आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत भी। कार्यक्रम में आर्य कैरियर इंस्टिट्यूट के निदेशक वजीर मान ने कहा कि आज का दिन केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक उपलब्धियों का उत्सव है। जब हमारे संस्थान के पूर्व विद्यार्थी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं, तो यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बनता है। हमारा उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाना है।अग्रवाल ने कहा कि यह होली मिलन समारोह हमारे पूर्व विद्यार्थियों, वर्तमान स्टूडेंट्स और शिक्षकों के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करता है। भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की निरंतरता रहेगी और हम इस मंच को और व्यापक रूप देंगे। कार्यक्रम का सफल संचालन हसला के जिला प्रधान महेंद्र मान ने किया। समारोह में क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, संस्थान के पूर्व विद्यार्थी एवं गणमान्य अतिथि विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को अत्यंत सफल, प्रेरणादायक एवं संगठनात्मक एकता का प्रतीक बताया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला परिषद वाइस चेयरमैन प्रतिनिधि संजय जांगड़ा, सीए अभिनव गोयल, दिनेश चौहान, विपिन मंगल, दीपक गोयल, अंशित सिंगल, निमित मित्तल, गौरव मित्तल, कीर्ति अग्रवाल, राहुल चौधरी, प्रवेश मंगल, अंकुर गर्ग, राहुल अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, संदीप सरपंच चहड़ खुर्द, एडवोकेट विकास श्योराण सचिव बार एसोसिएशन लोहारू, पवन आर्य, राजबीर, डॉ. लोकेश भिवानी आदि मौजूद रहे।