पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला ने डिजिटल सुरक्षा के क्षेत्र में बड़ी पहल करते हुए कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग में 'साइबर वेलनेस और सिक्योरिटी सेंटर' की स्थापना की है। रूसा ग्रांट की सहायता से 'एंटरप्रेन्योरशिप, इनोवेशन एंड करियर हब' के तहत स्थापित इस केंद्र का उद्घाटन उपकुलपति डॉ. जगदीप सिंह ने किया। हिमाचल प्रदेश के मंडी स्थित सरदार पटेल यूनिवर्सिटी के उपकुलपति डॉ. ललित कुमार अवस्थी ने इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।उपकुलपति डॉ. जगदीप सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर सुरक्षा देश के भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है और शैक्षणिक संस्थानों को साइबर-सुरक्षित नागरिक तैयार करने में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोविड के बाद हमारा जीवन पूरी तरह ऑनलाइन हो गया है और अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में साइबर सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बन गई है। उन्होंने कहा कि हमें अपने स्वयं के सुरक्षित सिस्टम विकसित करने की आवश्यकता है ताकि हमारा डेटा सुरक्षित रह सके। विश्वविद्यालयों का यह कर्तव्य है कि वे अपनी विशेषज्ञता का उपयोग समाज की भलाई के लिए करें।उपकुलपति डॉ. ललित कुमार अवस्थी ने अपने संबोधन में पंजाबी यूनिवर्सिटी की इस पहल की विशेष सराहना करते हुए बधाई दी और आशा व्यक्त की कि अन्य संस्थान भी इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाएंगे। केंद्र के नोडल अधिकारी डॉ. अभिनव भंडारी ने बताया कि यह केंद्र आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से होने वाले साइबर खतरों जैसे डीपफेक, डिजिटल अरेस्ट स्कैम और वित्तीय धोखाधड़ी आदि के विरुद्ध कार्य करेगा। 'एंटरप्रेन्योरशिप, इनोवेशन एंड करियर हब' के निदेशक प्रो. हिमेंद्र भारती ने भी इस अवसर पर केंद्र की महत्ता पर अपने विचार व्यक्त किए। कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के अध्यक्ष प्रो. जसविंदर सिंह ने कहा कि यह केंद्र पंजाब का अपनी तरह का पहला साइबर सुरक्षा केंद्र है।