Inflated Bill से परेशान पंजाब के लोगों के लिए राहत, अब भुगतान नहीं करने पर भी नहीं कटेगी बिजली; गलत बिलों पर सरकार सख्त
पंजाब में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, गलत बिल पर कनेक्शन नहीं कटेगा
Punjab Electricity Bill : पंजाब में बिजली उपभोक्ताओं को गलत या असामान्य रूप से बढ़े हुए बिलों को लेकर बड़ी राहत मिली है। सरकार ने निर्देश दिया है कि जब तक बिलिंग सिस्टम में आई तकनीकी खामियों को ठीक कर बिलों को दुरुस्त नहीं किया जाता, तब तक ऐसे बिलों का भुगतान न करने पर किसी उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।
बढ़े हुए बिलों की शिकायतों के बाद फैसला
यह फैसला उन शिकायतों के बाद लिया गया है, जिनमें उपभोक्ताओं ने सामान्य से कई गुना अधिक बिजली बिल आने की शिकायत की थी। कई मामलों में उपभोक्ताओं को समझ नहीं आ रहा था कि अचानक इतनी बड़ी राशि का बिल कैसे तैयार हो गया। सरकार के इस निर्देश से उन लोगों को राहत मिलेगी, जिनका बकाया वास्तविक खपत के बजाय बिलिंग सिस्टम की गड़बड़ी के कारण बढ़ा है।
मीटर रीडरों की हड़ताल और सिस्टम माइग्रेशन बना वजह
PSPCL के डायरेक्टर (डिस्ट्रीब्यूशन) की ओर से सोमवार को जारी निर्देश में बताया गया कि हाल में मीटर रीडरों की हड़ताल और SAP/Non-SAP सिस्टम से Oracle आधारित सिस्टम में माइग्रेशन के कारण कुछ उपभोक्ताओं के बिल औसत या अनुमानित खपत के आधार पर तैयार हुए। इसके चलते कई उपभोक्ताओं को बढ़े हुए बिल जारी हो गए। इन बिलों को लेकर PSPCL के फील्ड कार्यालयों में बड़ी संख्या में शिकायतें भी पहुंच रही हैं।
विवादित बिल पर डिफॉल्टर कार्रवाई नहीं
सरकार ने स्पष्ट किया है कि ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ केवल विवादित बिल के आधार पर डिफॉल्टर जैसी कार्रवाई नहीं की जाएगी। बिलिंग सिस्टम को दुरुस्त करने और गलत बिलों को सुधारने तक बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई भी रोकी जाएगी। यानी अगर किसी उपभोक्ता का बिल सिस्टम की गड़बड़ी के कारण गलत बना है, तो सिर्फ उसी बिल का भुगतान नहीं करने पर उसे बिजली कटने की चिंता नहीं करनी होगी।
बिल ठीक होने तक उपभोक्ताओं को राहत
सरकार का कहना है कि इस कदम का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि बिलिंग संबंधी तकनीकी खामियों का खामियाजा आम उपभोक्ताओं को न भुगतना पड़े। PSPCL को विवादित बिलों की शिकायतों का समाधान करने और सिस्टम में आई गड़बड़ियों को ठीक करने की दिशा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

