Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

Punjab Road Accident : स्कॉर्पियो-टिप्पर की भीषण टक्कर, धू-धू कर जली दोनों गाड़ियां; जिंदा जल गया 25 साल का युवक

स्कॉर्पियो-टिप्पर की टक्कर के बाद आग का तांडव; जिंदा जला युवक, टिप्पर ड्राइवर फरार

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

Punjab Road Accident : पंजाब के अमृतसर-तरनतारन बाईपास पर मानांवाला के पास स्कॉर्पियो और लुक से भरे टिप्पर की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में गोइंदवाल साहिब, जिला तरनतारन निवासी 25 वर्षीय गुरिंदर सिंह की जिंदा जलने से मौत हो गई। वह घरों में पीवीसी फिटिंग का काम करता था और सामान खरीदने के लिए अमृतसर जा रहा था। पुलिस अधिकारी हरजीत सिंह के मुताबिक, स्कॉर्पियो तरनतारन से अमृतसर की ओर जा रही थी। इसी दौरान आगे चल रहे टिप्पर से उसकी टक्कर हो गई।

भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई और स्कॉर्पियो में सवार गुरिंदर सिंह अंदर ही फंस गया। आग तेजी से फैलने के कारण युवक को बाहर निकालना संभव नहीं हो सका। देखते ही देखते आग ने दोनों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद टिप्पर चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद राहगीर, ढाबा संचालक और पुलिसकर्मी तुरंत मदद के लिए पहुंचे।

Advertisement

लोगों ने आग पर काबू पाने और स्कॉर्पियो में फंसे युवक को बचाने की कोशिश की। स्थानीय लोगों ने मोटरों, पानी की पाइपों और कीटनाशक स्प्रे करने वाली टंकियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि उनके प्रयास सफल नहीं हो सके। इस दौरान गुरिंदर सिंह को बचाया नहीं जा सका। हादसे के बाद बाईपास पर लोगों की भीड़ जुट गई। आग की लपटों के बीच युवक को बाहर निकालने की कोशिशें जारी रहीं, लेकिन आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जा सका।

Advertisement

दमकल की गाड़ी पहुंचने में हुई देरी, लोगों में नाराजगी

हादसे के बाद दमकल की गाड़ी देर से पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि सूचना देने के बावजूद करीब 45 मिनट से एक घंटे तक फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची। लोगों के मुताबिक, अगर दमकल की गाड़ी समय पर पहुंचती तो आग बुझाने में मदद मिल सकती थी। पुलिस के अनुसार, अमृतसर की दमकल गाड़ी खराब होने के कारण तरनतारन से दमकल वाहन बुलाना पड़ा। इसी वजह से घटनास्थल पर दमकल की गाड़ी पहुंचने में देरी हुई। स्थानीय लोगों ने अमृतसर-तरनतारन बाईपास पर स्थायी फायर ब्रिगेड और आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर हादसे के दौरान तत्काल मदद उपलब्ध होना जरूरी है।

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने गुरिंदर सिंह के शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। टिप्पर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और फरार चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस की जांच में टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लगने और युवक की मौत के घटनाक्रम को शामिल किया गया है।

Advertisement
×