Punjab News : किराए का घर देखने पहुंचे दंपती पर पिटबुल का हमला, कूल्हा चबाया; कई हिस्सों में काटा
डोरबेल बजाने पर पिटबुल अचानक बाहर आया और दंपती पर हमला कर दिया
पंजाब के पटियाला के घुमन नगर इलाके में बुधवार को पालतू पिटबुल कुत्ते के हमले में एक व्यक्ति और उसकी पत्नी घायल हो गए। दोनों एक स्थानीय प्रॉपर्टी डीलर के साथ किराए के लिए उपलब्ध मकान देखने पहुंचे थे। इसी दौरान घर की डोरबेल बजाने पर पिटबुल अचानक बाहर आया और दंपती पर हमला कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, कुत्ते ने दोनों को शरीर के कई हिस्सों में काट लिया। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने दंपती को बचाने की कोशिश की, जिसके बाद किसी तरह उन्हें कुत्ते से दूर किया गया। हमले में घायल दोनों को तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना से जुड़ा कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुत्ते के हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है।
खूंखार नस्ल के कुत्तों पर प्रतिबंध
घटना के बाद पालतू कुत्तों की खतरनाक नस्लों को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। संपर्क करने पर नगर निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि निगम ने पिटबुल समेत खूंखार नस्ल के कुत्तों को पालतू जानवर के तौर पर रखने पर प्रतिबंध लगाया हुआ है।
पशुपालन एवं डेयरी विभाग की ओर से भी पहले राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पिटबुल टेरियर, अमेरिकन बुलडॉग और रॉटवीलर जैसी कई नस्लों की बिक्री, ब्रीडिंग और उन्हें पालने के खिलाफ कदम उठाने के निर्देश दिए गए थे।
हालांकि, इन निर्देशों को जमीनी स्तर पर प्रभावी तरीके से लागू करना अब भी बड़ी चुनौती बना हुआ है। पटियाला की यह घटना एक बार फिर पालतू कुत्तों को लेकर सुरक्षा नियमों और उनके पालन की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

