Punjab News : पंजाब में आधी रात घूमती दिखी नग्न महिला, फिर हो गई गायब, लोगों की उड़ी नींद
पानी की टंकी और श्मशान घाट के पास दिखी महिला
Punjab News : पंजाबी के कपूरथला जिले के फगवाड़ा के पास गांव नरोड़ में आधी रात एक महिला के नग्न अवस्था में घूमने का मामला सामने आया है। महिला को गांव में अलग-अलग स्थानों पर घूमते हुए देखा गया। ग्रामीणों के मुताबिक, वह लोगों के घरों के बाहर जाती और वहां सो रहे लोगों की चारपाइयों के पास बैठती दिखाई दी। महिला की गतिविधियां गांव में लगे सीसी कैमरों में भी रिकॉर्ड हुई हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है।
पानी की टंकी और श्मशान घाट के पास दिखी
ग्रामीणों के अनुसार, बीते गुरुवार रात करीब साढ़े 11 बजे महिला को पानी की टंकी और श्मशान घाट के आसपास बिना कपड़ों के घूमते देखा गया। गांव के निवासी बेलाराम ने बताया कि उन्होंने महिला से बात करने की कोशिश की और उससे इस हालत में घूमने का कारण पूछा।
महिला ने कथित तौर पर बताया कि वह नहा रही थी और इसी दौरान कोई उसके कपड़े उठाकर ले गया। ग्रामीणों ने उसे शरीर ढकने के लिए कपड़े देने की कोशिश की, लेकिन उसने कपड़े लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद वह गुज्जरों के डेरे की ओर चली गई।
बेलाराम के मुताबिक, उन्होंने घटना की जानकारी गांव की सरपंच को फोन के जरिए देने की कोशिश की, लेकिन उस समय फोन नहीं उठाया गया। सुबह उन्होंने गांव के अन्य लोगों को भी पूरी घटना की जानकारी दी। कुछ देर तक अलग-अलग जगहों पर दिखाई देने के बाद महिला अचानक नजर आनी बंद हो गई।
हवेली के पास भी घूमती दिखी
गांव के निवासी रहमत अली ने बताया कि रात करीब 12 बजे महिला उनकी हवेली के आसपास भी घूमती हुई दिखाई दी। उन्होंने भी महिला को कपड़े देने की कोशिश की, लेकिन उसने कपड़े लेने से इनकार कर दिया। बताया गया कि महिला उस समय शोर भी कर रही थी और कुछ देर बाद वहां से चली गई।
कैमरों में रिकॉर्ड हुई गतिविधियां
महिला के रात के समय गांव में अलग-अलग स्थानों पर घूमने की तस्वीरें कैमरों में भी कैद हुई हैं। फुटेज में महिला कभी हवेली के पास पेड़ के पीछे तो कभी खेतों और अन्य स्थानों के आसपास घूमती नजर आ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि महिला की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। साथ ही, वह इस तरह रात में गांव में क्यों घूम रही थी और उसके कपड़े कहां गए, इसे लेकर भी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
सरपंच ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की
गांव की सरपंच राजकमल कौर ने बताया कि महिला के इरादे के बारे में फिलहाल कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। उन्होंने ग्रामीणों से रात के समय सतर्क रहने की अपील की है।
सरपंच के मुताबिक, महिला कौन थी, वह रात के समय इस हालत में गांव में क्यों घूम रही थी और उसके कपड़े कहां थे, इन सवालों के जवाब अभी सामने नहीं आए हैं। घटना के बाद महिला दोबारा दिखाई नहीं दी। हालांकि, गांव में इस घटना को लेकर चर्चा और चिंता बनी हुई है।

