Punjab News : मौसम की मार पर मान सरकार का ऐलान, नुकसान झेलने वाले किसानों को मिलेगा मुआवजा
भगवंत मान ने फसल नुकसान के आकलन का आदेश दिया, मुआवजे का वादा किया
Punjab News : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार ने खराब मौसम से फसलों को हुए नुकसान का आकलन कराने के आदेश दिए हैं और प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ''हमने 'गिरदावरी' (फसल क्षति सर्वेक्षण) के आदेश दे दिए हैं और इसके बाद जिन किसानों की फसल को नुकसान हुआ है, उन्हें मुआवजा दिया जाएगा।''
मुख्यमंत्री राज्य के कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि से हुई फसल क्षति पर पूछे गए एक सवाल का जवाब दे रहे थे। रविवार को किसानों ने राज्य के विभिन्न इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान के लिए मुआवजे की मांग की थी। किसानों ने अमृतसर, बठिंडा, मुक्तसर, होशियारपुर, तरन तारन और फतेहगढ़ साहिब सहित कई स्थानों पर भारी फसल नुकसान की सूचना दी है।
किसानों ने यह भी मांग की थी कि राज्य सरकार प्रभावित जिलों में फसल क्षति का आकलन कर उन्हें मुआवजा दे। कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने रविवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर प्रभावित किसानों के लिए राहत पैकेज की मांग की थी।

