Punjab APP : आप सरकार की पहलों ने लोगों का भरोसा जीता, साल 2027 में फिर सत्ता में आएंगे: सीएम मान ने किया बड़ा दावा
क्या पंजाब में फिर बनेगी 'आप' सरकार?
Punjab APP : मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब के लोगों ने 2027 में आम आदमी पार्टी (आप) को फिर से चुनने का मन बना लिया है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार की जन-हितैषी पहलों को जनता से जो जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है, वह पिछले चार सालों में सरकार द्वारा हासिल किए गए भरोसे को दिखाती है।
मोगा के चारिक गांव में जन-संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मान ने कहा कि 90 प्रतिशत घरों के लिए मुफ्त बिजली, 10 लाख रुपए की 'मुख्यमंत्री सेहत योजना', महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता, नहर सिंचाई का बड़े पैमाने पर विस्तार, मेधा के आधार पर पारदर्शी तरीके से सरकारी पदों पर भर्ती और मजबूत सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा जैसी पहलों ने जमीनी स्तर पर साफ बदलाव लाए हैं।
सिंचाई क्षेत्र में आए बदलावों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 'आप' सरकार ने पूरे राज्य में नहर के पानी के इस्तेमाल को काफी बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा, ''2022 में राज्य अपनी नहर के पानी का सिर्फ 22 प्रतिशत इस्तेमाल कर रहा था, लेकिन आज यह आंकड़ा 80 प्रतिशत से अधिक हो गया है। पंजाब के कुछ हिस्सों में लोगों ने 80 साल में पहली बार नहर का पानी देखा। पहले लोगों को पानी के लिए बोरवेल पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब वे दिन बीत चुके हैं।''
उन्होंने कहा, ''पंजाब में 90 प्रतिशत से अधिक घरों को मुफ्त में बिजली मिल रही है। आज किसानों को भी दिन के समय बिजली मिल रही है, जो पहले कभी नहीं हुआ। ऐसे समय में जब केंद्र सरकार देश की संपत्ति अपने चहेते दोस्तों को बहुत कम कीमत पर सौंप रही है, पंजाब सरकार ने एक निजी ताप विद्युत संयंत्र खरीदकर इतिहास रच दिया है। आप के सत्ता में आने के बाद पंजाब हर क्षेत्र में तेजी से तरक्की कर रहा है क्योंकि सरकार ने स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा, बिजली और अवंसरचना के क्षेत्र में क्रांतिकारी कदम उठाए हैं।

