दूध उत्पादकों की समस्याओं को लेकर 24 जुलाई को दत्तनगर मिल्क प्लांट का होगा घेराव
हिमाचल दूध उत्पादक संघ की बैठक बृहस्पतिवार को किसान मजदूर भवन, चाटी में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश के दूध उत्पादकों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। संघ ने निर्णय लिया कि लंबित मांगों के समर्थन में...
हिमाचल दूध उत्पादक संघ की बैठक बृहस्पतिवार को किसान मजदूर भवन, चाटी में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश के दूध उत्पादकों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। संघ ने निर्णय लिया कि लंबित मांगों के समर्थन में 24 जुलाई को दत्तनगर मिल्क प्लांट के बाहर धरना-प्रदर्शन और घेराव किया जाएगा।
राज्य सचिव देवकी नंद, दूध उत्पादक संघ को करना पड़ रहा है समस्याओं का सामना
बैठक को संबोधित करते हुए किसान सभा के राज्य सचिव देवकी नंद, दूध उत्पादक संघ के संयोजक प्रेम चौहान और रणजीत ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा दूध के खरीद मूल्य में वृद्धि किए जाने के बावजूद दूध उत्पादकों को कई गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि समय पर दूध का भुगतान न होना, दूध की गुणवत्ता जांच के लिए सभी सोसायटियों में मशीनों का अभाव तथा पशु आहार (फीड) की समय पर उपलब्धता नहीं होना प्रमुख समस्याएं हैं।
दो-दो महीने से लंबित है भुगतान संघ पदाधिकारियों ने बताया कि कई दूध उत्पादकों को मई और जून माह का भुगतान अब तक नहीं मिला है, जबकि जुलाई भी समाप्ति की ओर है। उनका कहना था कि अधिकांश छोटे किसान और ग्रामीण परिवार अपनी आजीविका के लिए दूध उत्पादन पर निर्भर हैं। ऐसे में दो से तीन महीने तक भुगतान लंबित रहने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाता है।
डीबीटी व्यवस्था में सुधार होने तक पुरानी प्रणाली से करें भुगतान संघ ने कहा कि यदि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) प्रणाली में तकनीकी समस्याएं आ रही हैं, तो खातों की प्रक्रिया पूरी तरह दुरुस्त होने तक पहले की व्यवस्था के अनुसार भुगतान किया जाना चाहिए, ताकि दूध उत्पादकों को समय पर राशि मिल सके।
दत्तनगर मिल्क प्लांट का करेंगे घेराव
सरकार और मिल्क फेडरेशन से समाधान की मांग बैठक में वक्ताओं ने कहा कि दूध उत्पादक संघ लगातार प्रदेश सरकार और मिल्क फेडरेशन के समक्ष इन मुद्दों को उठाता रहा है। कई बार आश्वासन मिले, लेकिन अब तक समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने सरकार से दूध उत्पादकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
बैठक में पूर्ण ठाकुर, सुभाष, दुर्गा नंद, रीना देवी, तुला राम, मिलाप, जगदीश, सानू देवी, सुषमा, निशा देवी, गुलाब, करतार, राम लाल, दर्शन, काकू कश्यप, रिया सहित अनेक दूध उत्पादक उपस्थित रहे।

