पंजाब के युवाओं से संवाद में नायब सैनी ने रखा विजन
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को ‘संत कबीर कुटीर’ में पंजाब से आये युवाओं से संवाद करते हुए सुशासन, पारदर्शी रोजगार नीति और कौशल विकास को भविष्य की दिशा बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरिट आधारित शासन...
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को ‘संत कबीर कुटीर’ में पंजाब से आये युवाओं से संवाद करते हुए सुशासन, पारदर्शी रोजगार नीति और कौशल विकास को भविष्य की दिशा बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरिट आधारित शासन मॉडल और पारदर्शिता ही लोकतंत्र की असली ताकत है। सरकार का दायित्व केवल नीतियां बनाना नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को ईमानदारी से पूरा करना है।
नायब सैनी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास जीतना आसान नहीं होता, लेकिन उसे बनाए रखना उससे भी बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा, केंद्र और हरियाणा में डबल इंजन सरकार का तीसरा कार्यकाल इस बात का प्रमाण है कि विशेष रूप से युवाओं ने सरकार की नीतियों एवं नीयत पर भरोसा जताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा और पंजाब सिर्फ भौगोलिक रूप से जुड़े नहीं हैं, बल्कि संस्कृति, विरासत और इतिहास की साझा चेतना से बंधे हुए हैं। यही कारण है कि युवाओं के मुद्दे भी साझा हैं और समाधान भी साझे प्रयासों से ही निकलेंगे। मुख्यमंत्री ने शहीद भगत सिंह, सुखदेव और लाला लाजपत राय को स्मरण करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी, बीबी भारती और मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
कौशल, नवाचार और उद्यमिता से बनेगा आत्मनिर्भर युवा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाला समय केवल डिग्री का नहीं, बल्कि कौशल, नवाचार और उद्यमिता का है। सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशिक्षण, स्टार्टअप और स्किल डेवलपमेंट पर लगातार निवेश कर रही है।
विकसित भारत 2047 - युवा सबसे बड़ी शक्ति :
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लक्ष्य की असली ताकत देश का युवा वर्ग है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आज विश्व की प्रमुख आर्थिक शक्तियों में शामिल हो चुका है और अब तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।
नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति
नशे के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि हरियाणा सरकार नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। नशा मुक्ति केंद्रों की स्थापना, इलाज और पुनर्वास के साथ-साथ साइक्लोथॉन और मैराथन जैसे जागरूकता अभियानों में 20 से 25 हजार युवाओं की भागीदारी इस लड़ाई को जन आंदोलन बना रही है। उन्होंने बताया कि जिन थाना क्षेत्रों में नशे की गतिविधियां अधिक पाई जाती हैं, वहां अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अवैध कारोबार में शामिल लोगों की संपत्तियां अटैच की जा रही हैं।
विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने विदेश सहयोग विभाग की स्थापना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार युवाओं को सुरक्षित और वैध तरीके से विदेश में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने डंकी रूट और फर्जी एजेंटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानकारी देते हुए युवाओं से सतर्क रहने की अपील की।
सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य योजनाओं से राहत
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार बुजुर्गों को 3200 रुपये मासिक पेंशन दे रही है, जो पड़ोसी राज्यों की तुलना में अधिक है। आयुष्मान भारत और चिरायु योजना के तहत करीब डेढ़ करोड़ कार्ड जारी किए गए हैं और 4500 करोड़ रुपये के क्लेम निपटाए जा चुके हैं।
खेलों में हरियाणा की पहचान
खेलों के क्षेत्र में हरियाणा की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल नर्सरियों, अकादमियों और व्यायामशालाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को हर स्तर पर सहयोग दिया जा रहा है, जिससे प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

