Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

खुद देश छोड़ो या अंजाम भुगतो... सिखों पर निशाने के आरोप के बाद DHS ने हटाया पोस्टर, पीछे छिपी थी हरजिंदर सिंह की कहानी

‘मिस्टर सिंह’ कौन? DHS के AI पोस्टर ने छेड़ी नई बहस, विरोध के बाद हटानी पड़ी तस्वीर

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

US AI Racial Dispute : अमेरिका में प्रवासियों के खिलाफ चलाए जा रहे कैंपेन के बीच डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) का एक AI से बना पोस्टर विवादों में आ गया। पोस्टर में पगड़ी और दाढ़ी वाले एक व्यक्ति को ‘मिस्टर सिंह’ बताते हुए अमेरिका से खुद देश छोड़ने की चेतावनी दी गई थी। सिख और भारतीय-अमेरिकी संगठनों ने इसे नस्लीय भेदभाव और पूरे समुदाय को निशाना बनाने वाला कैंपेन बताया। बढ़ते विरोध के बीच DHS ने आखिरकार यह पोस्ट हटा दिया।

Advertisement

मिस्टर सिंह’ पोस्टर में ऐसा क्या था?

DHS के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर शेयर किए गए AI पोस्टर में भूरी दाढ़ी और सिर पर कपड़ा बांधे एक व्यक्ति नजर आ रहा था। उसके पीछे ‘ट्रांसफॉर्मर्स’ के मशहूर किरदार ऑप्टिमस प्राइम का DHS-ब्रांडेड वर्जन दिखाया गया था। पोस्टर पर लिखा था- "अमेरिका अमेरिकियों के लिए है। हमारी सड़कों से हट जाओ; तुम्हें गाड़ी चलाना नहीं आता, मिस्टर सिंह।" एक अन्य ग्राफिक में प्रवासियों को संदेश दिया गया- “खुद देश छोड़ दो या अंजाम भुगतो।” पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी आलोचना शुरू हो गई।

Advertisement

हरजिंदर सिंह से जोड़ा गया पोस्टर का कनेक्शन

विवाद बढ़ने के बाद DHS ने सफाई दी कि ‘मिस्टर सिंह’ किसी अनजान सिख या भारतीय ट्रक ड्राइवर का प्रतिनिधित्व नहीं करता, बल्कि यह भारतीय मूल के कमर्शियल ट्रक ड्राइवर हरजिंदर सिंह से जुड़ा था। हरजिंदर सिंह को अगस्त 2025 में फ्लोरिडा के सेंट लुसी काउंटी में हुए एक सड़क हादसे के बाद गिरफ्तार किया गया था।

अधिकारियों के मुताबिक, उन्होंने एक अनधिकृत स्थान से U-टर्न लेने की कोशिश की, जिसके बाद एक मिनीवैन उनके ट्रैक्टर-ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। सिंह पर तीन मामलों में vehicular homicide का आरोप लगाया गया है। उन्होंने खुद को बेगुनाह बताया है। DHS का दावा है कि सिंह 2018 में अवैध रूप से अमेरिका पहुंचे थे और बाद में कैलिफोर्निया में कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस हासिल किया। विभाग ने इस मामले को अप्रवासी ट्रक ड्राइवरों और कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़े अपने व्यापक अभियान का हिस्सा बनाया।

‘सिंह’ सरनेम को लेकर उठे नस्लीय प्रोफाइलिंग के सवाल

पोस्टर की सबसे ज्यादा आलोचना इस बात को लेकर हुई कि ‘सिंह’ सिख समुदाय में बेहद आम सरनेम है। आलोचकों के मुताबिक, पगड़ी-दाढ़ी वाले दक्षिण एशियाई व्यक्ति की तस्वीर के साथ इस नाम और नकारात्मक संदेश का इस्तेमाल पूरे समुदाय को संदिग्ध, खतरनाक या खराब ड्राइवर के रूप में पेश कर सकता है।

कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसम के कार्यालय ने इसे सिख समुदाय को निशाना बनाने वाला ‘नस्लवादी प्रोपेगैंडा’ बताया। डेमोक्रेटिक कांग्रेसमैन राजा कृष्णमूर्ति ने भी कहा कि सरकार को किसी व्यक्ति की धार्मिक पहचान, विरासत या दिखावट के आधार पर उसे बदनाम नहीं करना चाहिए। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन और सिख कोएलिशन समेत कई संगठनों ने भी कैंपेन की आलोचना की।

DHS ने आलोचकों को दिया तीखा जवाब

विवाद के बीच DHS ने अपने आलोचकों को सोशल मीडिया पर जवाब भी दिया। न्यूसम को टैग करते हुए विभाग ने हरजिंदर सिंह के मामले का जिक्र किया और कैलिफोर्निया प्रशासन पर उन्हें कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने का आरोप लगाया।

DHS ने हादसे से जुड़ा वीडियो शेयर करते हुए न्यूसम पर सीधे सवाल उठाए। वहीं, डेमोक्रेटिक सीनेटर एडम शिफ ने प्रशासन पर ‘कट्टरता’ का आरोप लगाया। उनका कहना था कि ऐसे संदेशों से लाखों अमेरिकियों को उनकी पहचान और दिखावट के आधार पर शक की नजर से देखे जाने का खतरा है।

फोटो स्रोत एक्स अकाउंट @rpsinghkhalsa
फोटो स्रोत एक्स अकाउंट @rpsinghkhalsa

‘ट्रांसफॉर्मर्स’ की एंट्री से बढ़ा विवाद

DHS के कैंपेन में सिर्फ AI तस्वीरें ही नहीं, बल्कि ‘ट्रांसफॉर्मर्स’ के किरदारों का इस्तेमाल भी किया गया। एक वीडियो में मेगाट्रॉन को कई ट्रक ड्राइवरों की रिहाई पर बातचीत करते दिखाया गया, जबकि दूसरे ग्राफिक में ऑप्टिमस प्राइम को ‘मिस्टर सिंह’ के सामने खड़ा किया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘ट्रांसफॉर्मर्स’ फ्रैंचाइजी की मालिक कंपनी हैसब्रो ने भी अपने किरदारों के कथित बिना अनुमति इस्तेमाल पर आपत्ति जताई।

विरोध के बाद हटाना पड़ा पोस्ट

सिख और भारतीय-अमेरिकी संगठनों की आलोचना, राजनीतिक विवाद और ‘ट्रांसफॉर्मर्स’ के इस्तेमाल पर उठे सवालों के बीच DHS ने आखिरकार ‘मिस्टर सिंह’ वाला पोस्ट हटा दिया। DHS का कहना है कि उसका अभियान बिना दस्तावेज वाले और गलत तरीके से लाइसेंस हासिल करने वाले कमर्शियल ड्राइवरों पर कार्रवाई को लेकर है।

Advertisement
×