श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पवित्र स्वरूप के गायब होने के मामले में गिरफ्तार सीए सतिंदर सिंह कोहली को कल देर रात अमृतसर में ड्यूटी मजिस्ट्रेट गौरव कुमार शर्मा जेएमआईसी की कोर्ट में पेश किया गया। उनकी पेशी के मौके पर एसीपी हरमिंदर सिंह संधू और इंस्पेक्टर अमोलक दीप सिंह की टीम अदालत पहुंची, जिन्होंने आगे की पूछताछ के लिए कोर्ट से छह दिन का रिमांड लिया है। इसके साथ ही पत्रकारों ने आरोप लगाया है कि पुलिस टीम ने पेशी के दौरान उनके साथ धक्कामुक्की भी की है, जिसकी पूरी पत्रकार कम्युनिटी ने निंदा की है। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी पब्लिकेशन डिपार्टमेंट श्री गुरु ग्रंथ साहिब भवन श्री रामसर साहिब अमृतसर में 328 पवित्र स्वरूपों के मामले में अमृतसर से 7 दिसंबर 2024 को पुलिस ने सिख सद्भावना दल के बलदेव सिंह वडाला की तरफ से दर्ज कराई गई एफआईआर के तहत 16 लोगों में से शिरोमणि कमेटी के चार्टर्ड अकाउंटेंट सतिंदर सिंह कोहली को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया था। कोहली को सुखबीर सिंह बादल का काफी करीबी माना जाता है। गौरतलब है कि हाल ही में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा था कि सुखबीर बादल और एसजीपीसी दोनों ही सीए कोहली हैं। उनके खिलाफ ब्लैक मनी, संदिग्ध फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन और इनकम के ज्ञात सोर्स से ज्यादा संपत्ति से जुड़े गंभीर आरोप लग रहे हैं।