अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़े एक बड़े अंतर्राज्यीय और सीमा पार नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 6 पिस्तौल तथा 7 कारतूस बरामद किए। बरामद हथियारों में एक .30 बोर, तीन .32 बोर और दो .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार यह नेटवर्क पंजाब में आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय था और विभिन्न जिलों में हथियारों की सप्लाई कर रहा था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध हथियार मध्य प्रदेश से खरीदते थे। इसके बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पाकिस्तान में बैठे तस्करों से संपर्क बनाए रखते थे। यह नेटवर्क सीमा पार से हथियारों की तस्करी को संगठित तरीके से अंजाम दे रहा था।
तकनीकी जांच और निगरानी के जरिए पुलिस इस गिरोह तक पहुंची और आरोपियों को गिरफ्तार किया।
इस मामले में सिविल लाइंस थाना अमृतसर में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर किया है। अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने कहा कि पुलिस संगठित अपराध और देश विरोधी गतिविधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाइयों से अपराधियों में डर पैदा होगा और आम जनता को सुरक्षा का भरोसा मिलेगा। इससे पहले भी जिला पुलिस कई तस्करों को गिरफ्तार कर चुकी है।

