अफवाहों पर भरोसा किया मुझे बहुत दुख हुआ... LPU बवाल के बाद पहली बार सामने आईं प्रो-चांसलर राशमी मित्तल, छात्रों को दी नसीहत
सोशल मीडिया पर आंख मूंदकर भरोसा न करें, पहले हमसे बात करें: LPU छात्रों से बोलीं राशमी मित्तल
LPU Violence : पंजाब के फगवाड़ा स्थित Lovely Professional University (LPU) में दो दिनों तक चले बवाल, तोड़फोड़ और आगजनी के बाद अब कैंपस में हालात सामान्य होने की ओर हैं। यूनिवर्सिटी ने सोमवार को एक बार फिर दावा किया कि कैंपस सुरक्षित है और शैक्षणिक गतिविधियां सामान्य तरीके से संचालित हो रही हैं। हालांकि, तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए कक्षाएं और मिड-टर्म परीक्षाएं 10 दिनों के लिए स्थगित कर दी गई हैं।
पहली बार सामने आईं प्रो-चांसलर राशमी मित्तल
हिंसा के बाद पहली औपचारिक वीडियो अपील में LPU की प्रो-चांसलर राशमी मित्तल ने छात्रों से सीधे संवाद किया। उन्होंने शनिवार और रविवार को कैंपस में हुई घटनाओं पर दुख जताते हुए कहा कि उन्हें इस बात से काफी तकलीफ हुई कि छात्रों ने यूनिवर्सिटी से बात करने के बजाय सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर भरोसा किया। उन्होंने छात्रों से अपील की कि भविष्य में किसी भी संवेदनशील मामले में पहले यूनिवर्सिटी प्रशासन से संपर्क करें और किसी भी जानकारी को बिना जांचे-परखे सच न मानें।
‘हमारे पास कई कम्युनिकेशन चैनल हैं’
राशमी मित्तल ने कहा कि LPU और उसके छात्रों के बीच भरोसे का रिश्ता बेहद मजबूत है। उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी में करीब 400 छात्र संगठन हैं और लगभग 4,000 छात्र विभिन्न कार्यक्रमों की योजना और आयोजन में सीधे भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने सारे संवाद माध्यम होने के बावजूद छात्रों ने प्रशासन तक अपनी बात क्यों नहीं पहुंचाई। उनके मुताबिक, अफवाहों के बाद बाहरी लोग भी कैंपस में शामिल हो गए और दुकानों में लूटपाट जैसी घटनाएं हुईं।
‘सोशल मीडिया पर आंख मूंदकर भरोसा न करें’
प्रो-चांसलर ने छात्रों को सोशल मीडिया पर आने वाली सूचनाओं को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हर वायरल जानकारी को तुरंत सच मान लेना सही नहीं है और किसी भी फैसले के असर को समझना जरूरी है। उन्होंने उन छात्रों का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने सामने आकर कथित गलत दावों को खारिज किया और यूनिवर्सिटी का पक्ष रखा।
‘बाहरी उपद्रवियों पर होगी कार्रवाई’
मित्तल ने कहा कि पुलिस बाहरी उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और कानून के तहत किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने छात्रों से सकारात्मक रहने, शांति बनाए रखने और पिछले घटनाक्रम पर विचार करने की अपील की। यूनिवर्सिटी ने अपने आधिकारिक बयान में भी कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों ने तनावपूर्ण माहौल का फायदा उठाकर परिसर में नुकसान पहुंचाया। LPU ने भरोसा जताया कि बाहरी लोगों के खिलाफ कानून के मुताबिक उचित कार्रवाई होगी।
छात्र घर लौटे, कैंपस में सामान्य माहौल
हिंसा के बाद स्थिति सामान्य होने पर कई छात्र अपने घरों के लिए रवाना हो गए हैं। यूनिवर्सिटी ने 10 दिनों के लिए कक्षाएं और मिड-टर्म परीक्षाएं स्थगित की हैं। LPU का कहना है कि बड़ी संख्या में छात्रों ने सोशल मीडिया और मीडिया के माध्यम से कथित गलत दावों का विरोध किया, जिसे यूनिवर्सिटी ने छात्र समुदाय की जिम्मेदारी और परिपक्वता का संकेत बताया।

