Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

HP Punjab Tax Dispute : एंट्री टैक्स पर रार, पंजाब के सीएम भगवंत मान से मिलेंगे सुक्खू, सीमावर्ती इलाकों में तनाव के बीच बड़ा फैसला संभव

HP-Punjab Entry Tax Crisis : सदन में गरमाया मुद्दा, भाजपा ने जताई चिंता

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू।
Advertisement

हिमाचल प्रदेश में भारी वाहनों पर बढ़ाए गए एंट्री टैक्स को लेकर पड़ोसी राज्य पंजाब के साथ तनाव गहराता जा रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अब इस मुद्दे पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ सीधी चर्चा करेंगे। दरअसल, 1 अप्रैल से लागू होने वाली नई कर दरों के विरोध में पंजाब के कई संगठनों ने हिमाचल के वाहनों को रोकने की चेतावनी दी है, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बिगड़ने का अंदेशा पैदा हो गया है।

मंगलवार को हिमाचल विधानसभा के बजट सत्र के दौरान भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने पॉइंट ऑफ ऑर्डर के माध्यम से यह मामला प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सरकार को आगाह किया कि आज आधी रात से नए टैक्स रेट लागू होने के बाद कल से हालात और अधिक खराब हो सकते हैं। शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सोमवार को सदन को इस विषय पर गौर करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक जमीनी स्तर पर स्थिति को शांत करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। विपक्ष ने आरोप लगाया कि सीमा पर विरोध के स्वर तेज हो रहे हैं, जिससे दोनों राज्यों के आपसी संबंधों और परिवहन पर बुरा असर पड़ेगा।

Advertisement

केवल बड़े वाहनों पर बढ़ा टैक्स, रेशनलाइजेशन पर विचार

विपक्ष के तीखे हमलों के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सदन में अपना पक्ष रखा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार के पास फिलहाल सीमावर्ती इलाकों में किसी बड़े बवाल या अशांति की कोई आधिकारिक सूचना नहीं है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि एंट्री टैक्स की दरों में बढ़ोतरी केवल बड़े व्यावसायिक वाहनों के लिए की गई है, ताकि राजस्व में सुधार हो सके।

Advertisement

कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार सतर्क

सीएम सुक्खू ने यह भी कहा कि सरकार इस टैक्स के युक्तिकरण (Rationalisation) पर विचार कर रही है ताकि किसी भी पक्ष को अनावश्यक परेशानी न हो। हालांकि, सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही भाजपा विधायकों ने इस मुद्दे को लेकर विधानसभा परिसर के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार विरोधी नारेबाजी की। अब सबकी नजरें मुख्यमंत्री सुक्खू और भगवंत मान की होने वाली मुलाकात पर टिकी हैं, जिससे इस गतिरोध के सुलझने की उम्मीद है।

Advertisement
×