Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

पंजाब-हरियाणा में सबसे ठंडा हिसार ; 5 जिंदगियां लील गया कोहरे का कहर

लुधियाना, राजपुरा, अमृतसर और डबवाली में कम दृश्यता के कारण हुए हादसे

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
अमृतसर में रविवार सुबह छाया घना कोहरा। -विशाल कुमार
Advertisement
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में रविवार को भी कड़ाके की ठंड जारी रही। दोनों राज्यों में हिसार सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अम्बाला, नारनौल में भी पारा सामान्य से नीचे रहा। पंजाब में फरीदकोट सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस तक गिरा।

सुबह के समय दोनों राज्यों के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता कम हो गई। पंजाब के लुधियाना, राजपुरा और अमृतसर में कोहरे के कारण हुए हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, उधर हरियाणा के डबवाली में हुए हादसों में तीन लोगों की जान चली गई।

Advertisement

लुधियाना के गांव अजनोद पुल के पास कोहरे में छह वाहन एक-दूसरे से टकरा गए। पुलिस के अनुसार, सुबह घनी धुंध के बीच एक ऑटो और मोटरसाइकिल में टक्कर हो गई। उनके पीछे गैस सिलेंडर से भरे ट्रक ने ब्रेक लगाए, तो एक कार ट्रक से टकरा गई। इसी बीच एक अन्य ट्रक ने भी सिलेंडर से भरे ट्रक को टक्कर मार दी। गैस सिलेंडर सड़क पर बिखर गए। एक अन्य ट्रक सिलेंडरों को बचाने के चक्कर में साइड रेलिंग से टकरा गया और उसने सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति को कुचल दिया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मरने वाले की पहचान निकटवर्ती गांव गुरथली के बारा सिंह के रूप में हुई है।

Advertisement

उधर, अमृतसर-मजीठा रोड पर एसजी एन्क्लेव के पास घने कोहरे के कारण ट्रक ने एक स्कूटर को टक्कर मार दी। इसमें स्कूटर सवार हरभजन सिंह की मौत हो गई। वहीं, राजपुरा बाईपास पर सुबह दिल्ली से लुधियाना की तरफ जा रही एक फार्चूनर गाड़ी को ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे वह आगे जा रही एक अन्य फार्चूनर गाड़ी से टकरा गई। दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि उनमें सवार लोग बाल-बाल बच गए।

दिल्ली में हवा बेहद खराब

दिल्ली में रविवार सुबह वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रही और समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 392 दर्ज किया गया। आनंद विहार में वायु गुणवत्ता सबसे खराब (444) रही। इस बीच, न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम है।

पारामीटर

शहर न्यूनतम तापमान

हिसार 2.5 डिग्री

नारनौल 5

रोहतक 5.8

भिवानी 6

अम्बाला 8.5

चंडीगढ़ 5.6

फरीदकोट 3.4

गुरदासपुर 4

अमृतसर 4.4

लुधियाना 4.4

पटियाला 4.6

बठिंडा 6

Advertisement
×