Drug trafficking : सराय अमानत खां में सीमा पार से भेजी गई हेरोइन बरामद
बीएसएफ, स्थानीय पुलिस ने चलाया संयुक्त तलाशी अभियान, केस दर्ज
Drug trafficking : पंजाब के तरनतारन जिले के सरहदी इलाके सराय अमानत खां में सीमा सुरक्षाबलों ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे सुआ नौशहरा ढाला पटरी क्षेत्र में बीएसएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाकर 624 ग्राम हेरोइन और 124 ग्राम पैकिंग सामग्री बरामद की है।
नौशहरा ढाला की पटरी पर बीएसएफ का विशेष सर्च ऑपरेशन बीएसएफ सीमा सुरक्षा बल की 181 बटालियन के इंस्पेक्टर स्विन्दर कुमार आर्य को सीमावर्ती इलाके में संदिग्ध गतिविधि और खेप की मौजूदगी का इनपुट मिला था। इस सूचना के आधार पर बीएसएफ अधिकारियों ने तुरंत पुलिस टीम के साथ मिलकर सुआ नौशहरा ढाला की पटरी के आसपास के इलाके की घेराबंदी की और सघन जांच अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान झाड़ियों और पटरी के किनारे छिपाकर रखा गया एक पैकेट बरामद हुआ।
जांच करने पर उसमें से 624 ग्राम संदिग्ध हेरोइन और 124 ग्राम पैकिंग मेटेरियल मिला। बीएसएफ की टीम ने बरामद सामान को आगे की कानूनी प्रक्रिया और जांच के लिए थाना सराय अमानत खां पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 22/61/85 तथा 25/26/29 के तहत एफआईआर नंबर 115 दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच से स्पष्ट संकेत मिलते हैं कि हेरोइन की यह खेप पाकिस्तान की तरफ से भारतीय सीमा में पहुंचाई गई थी। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि पंजाब के भीतर इस खेप की डिलीवरी किसे ली जानी थी और इसमें कौन-कौन से स्थानीय तस्कर शामिल हैं।

