Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

एक्सईएन कार्यालय के बाहर प्रदर्शन

सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली न मिलने से भड़के किसान

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
रोष प्रदर्शन के दौरान किसानों को विश्वास दिलाते एक्सीयन पावरकाम राजपुरा मनीष गर्ग।
Advertisement

खेतों में फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली सप्लाई न मिलने से नाराज किसानों ने पावरकॉम के एक्सईएन कार्यालय के बाहर रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने मांग की कि फसलों की सिंचाई के लिए उन्हें निर्धारित समय के अनुसार पर्याप्त और नियमित बिजली सप्लाई उपलब्ध करवाई जाए। प्रदर्शन के दौरान किसान जत्थेबंदियों के नेताओं जवाहर लाल खेडा गज्जू, जागर धमौली, गुरदेव सिंह जंडोली, जतिंदर सिंह राई माजरा, धन्ना सिंह, कशमीरा सिंह ने कहा कि मौजूदा समय में किसानों को सिंचाई के लिए मुश्किल से तीन से चार घंटे बिजली मिल रही है। वह भी लगातार नहीं मिलती, बल्कि आधे-आधे घंटे के अंतराल पर बिजली बंद होने के कारण खेतों में सिंचाई का काम प्रभावित हो रहा है। इससे किसानों को अपनी फसलों को लेकर चिंता बनी हुई है। किसान नेताओं ने कहा कि पिछली अकाली-भाजपा सरकार के समय किसानों को खेतों की सिंचाई के लिए करीब आठ घंटे बिजली उपलब्ध करवाई जाती थी। उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने से पहले और बाद में किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध करवाने के दावे किए गए थे, लेकिन वर्तमान में स्थिति इसके विपरीत बनी हुई है।

Advertisement

उन्होंने कहा कि फसलों को इस समय पानी की बेहद जरूरत है। यदि समय पर सिंचाई नहीं हो पाती तो इसका सीधा असर फसलों की पैदावार पर पड़ सकता है। किसानों ने पावरकॉम अधिकारियों से मांग की कि उन्हें नियमित और पर्याप्त बिजली सप्लाई उपलब्ध करवाई जाए। किसान नेताओं ने कहा कि यदि एक-दो दिन के भीतर बिजली सप्लाई में सुधार नहीं किया गया तो किसान जत्थेबंदियां अपना संघर्ष और तेज करने के लिए मजबूर होंगी। एक्सईएन ने बताया कि कुछ तकनीकी कारणों के चलते बिजली सप्लाई प्रभावित हुई है। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि अधिकारियों से बातचीत कर समस्या का जल्द समाधान करवाने तथा सिंचाई के लिए बिजली सप्लाई में सुधार करने का प्रयास किया जाएगा।

Advertisement

Advertisement
×