यहां रविवार को फुटबॉल खेलते समय एक 14 वर्षीय खिलाड़ी की मैदान में गिरकर मौत हो गई। हादसा पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘नशों से दूर खेलों की ओर’ अभियान के तहत गांव धरांगवाला में महर्षि वाल्मीकि स्पोर्ट्स क्लब की ओर से आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान हुआ। इसमें आसपास के विभिन्न गांवों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट का यह पहला मैच था।
गांव धरांगवाला निवासी पिंद्र सिंह ने बताया कि मैच के दौरान गांव आलमवाला निवासी 14 वर्षीय जस्सू उर्फ जसमीत, ने जैसे ही फुटबॉल को जोरदार शॉट मारा और वह अचानक जमीन पर गिर पड़ा। पहले तो साथियों को लगा कि शायद वह फिसल गया है, लेकिन जब वह उठा ही नहीं तो सभी घबरा गए। मौके पर मौजूद अन्य खिलाड़ियों और आयोजकों ने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन वह अचेत अवस्था में था। जस्सू को एक निजी डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गांव आलमवाला और धरांगवाला से लोग सरकारी अस्पताल पहुंच गए। हर किसी की आंखें नम थीं। साथी खिलाड़ियों ने बताया कि जस्सू पढ़ाई और खेलों में प्रतिभाशाली था। वह तीन बहनों में का इकलौता भाई था। उसके पिता गांव में मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। जस्सू की मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। थाना सदर पुलिस के एएसआई गुरमीत सिंह मामले की जांच कर रहे हैं।

