Punjab Hotel Association : कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में भारी उछाल, पंजाब के होटल कारोबारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
बठिंडा में हुई बैठक, 10 दिन में दाम कम न होने पर सरकारी कार्यक्रमों के बहिष्कार का ऐलान
Punjab Hotel Association : देश में कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में की गई भारी बढ़ोतरी के खिलाफ पंजाब होटल एसोसिएशन ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को बठिंडा में एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश अरोड़ा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के सभी होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों ने हिस्सा लिया। कारोबारियों का कहना है कि सिलेंडर की कीमतों में अचानक हुए इस इजाफे ने उद्योग की कमर तोड़ दी है।
पंजाब होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश अरोड़ा ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा शुक्रवार को कमर्शियल सिलेंडर के दामों में 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी की गई है। इस वृद्धि के बाद अब एक सिलेंडर की कीमत 3000 रुपये के आंकड़े को पार कर गई है। अरोड़ा ने चिंता जताते हुए कहा कि इतनी बड़ी बढ़ोतरी से होटल और ढाबा चलाना अब घाटे का सौदा साबित हो रहा है, जिसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ेगा।
बजट बिगड़ा, छंटनी का डर
होटल कारोबारियों के अनुसार, सिलेंडर महंगा होने से न केवल उनका मासिक बजट बिगड़ गया है, बल्कि उन्हें मजबूरन खाने की कीमतों में इजाफा करना पड़ेगा। एसोसिएशन का कहना है कि खर्च कम करने के लिए अब उन्हें अपने कर्मचारियों की छंटनी करने जैसा कड़ा कदम भी उठाना पड़ सकता है। उल्लेखनीय है कि इस उद्योग से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 6 लाख परिवार जुड़े हुए हैं, जिनकी रोजी-रोटी पर अब संकट मंडराने लगा है। सतीश अरोड़ा ने कहा कि यह उद्योग पहले से ही भारी टैक्स और मंदी की मार झेल रहा है, ऐसे में राहत देने के बजाय सरकार ने बोझ और बढ़ा दिया है।
10 दिन का अल्टीमेटम और बहिष्कार की चेतावनी
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि केंद्र सरकार ने 10 दिनों के भीतर बढ़ी हुई कीमतें वापस नहीं लीं, तो पंजाब होटल एसोसिएशन देश भर में होने वाले सभी सरकारी कार्यक्रमों का पूर्ण रूप से बहिष्कार करेगी। इसके अलावा, होटल कारोबारी सड़कों पर उतरकर केंद्र सरकार और गैस कंपनियों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन करेंगे। एसोसिएशन ने मांग की है कि इस जनविरोधी फैसले को तुरंत वापस लिया जाए ताकि दम तोड़ते होटल उद्योग को बचाया जा सके।

