पंजाब में मील का पत्थर साबित होगी सीएम सेहत योजना : बलबीर सिंह
स्वास्थ्य मंत्री ने सिविल अस्पताल राजपुरा में किया कार्ड सेंटर का उद्घाटन
पंजाब के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने रविवार को राजपुरा के सिविल अस्पताल में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत स्वास्थ्य कार्ड बनाने वाले सेंटर का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने आम लोगों को मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और स्वास्थ्य कार्ड बनाने की पूरी प्रक्रिया को आसान शब्दों में समझाया। इस मौके पर राजपुरा की विधायक नीना मित्तल भी मौजूद रहीं।
डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि यह महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजना 22 जनवरी से पूरे पंजाब में लागू हो चुकी है। इस योजना के तहत पंजाब के लगभग 65 लाख परिवारों को कवर किया जा रहा है, जिससे करीब 3 करोड़ लोगों को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना का कार्ड अपने आप में एक नई शुरुआत है, जो पंजाब के स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि इस योजना के तहत स्वास्थ्य कार्ड बनवाने के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं देना पड़ेगा। सरकार की ओर से बीमा कंपनी को पहले ही राशि अदा की जा चुकी है, ताकि आम लोग बिना किसी वित्तीय बोझ के उच्च-स्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले सकें।
डा. बलबीर सिंह ने कहा कि यह योजना खास तौर पर गरीब, मध्यम वर्ग और जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित होगी। गंभीर बीमारियों के इलाज पर आने वाले बड़े खर्च से लोगों को राहत मिलेगी और कोई भी व्यक्ति सिर्फ पैसों की कमी के कारण इलाज से वंचित नहीं रहेगा। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में प्रदेश के हर नागरिक को बेहतर, मुफ्त और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।

