Budget Session 2026 : पंजाब विधानसभा में खैरा की टिप्पणी पर बवाल, सदन में आप-कांग्रेस आमने-सामने
महिलाओं पर कांग्रेस विधायक खैरा की टिप्पणी को लेकर पंजाब विधानसभा में हंगामा
Budget Session 2026 : पंजाब विधानसभा के बजट सत्र के दौरान बुधवार को सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (आप) और विपक्षी विधायकों के बीच कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा की महिलाओं के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर तीखी बहस हुई। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा द्वारा खैरा की कथित टिप्पणी का मुद्दा उठाए जाने के बाद सदन में हंगामा देखने को मिला।
सदन में हंगामा जारी रहने पर विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवान ने कार्यवाही को 20 मिनट के लिए स्थगित कर दिया। कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा उन महिलाओं पर की गई ''अपमानजनक'' टिप्पणी को लेकर आप विधायकों के निशाने पर आ गए, जो 'मुख्यमंत्री मावां धीयां दा सत्कार योजना' का जश्न मना रही थीं। इस योजना के तहत राज्य सरकार पात्र लाभार्थियों को प्रति माह 1000 रुपये प्रदान करेगी।
विधानसभा ने मंगलवार को खैरा की टिप्पणियों की निंदा करते हुए एक प्रस्ताव भी पारित किया था। चीमा ने बुधवार को फिर से यह मुद्दा उठाया। मंत्री चीमा ने भोलाथ विधायक द्वारा प्रयुक्त असंसदीय भाषा के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई, बिना शर्त माफी मांगने और उनकी सदस्यता रद्द करने की मांग की। इसके बाद चीमा और खैरा के बीच जुबानी जंग छिड़ गई।
विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं के खिलाफ कथित टिप्पणी के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान के विरुद्ध प्रस्ताव लाने का प्रयास किया। हालांकि, विधानसभा अध्यक्ष ने इसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया और कांग्रेस विधायकों पर खैरा की टिप्पणी से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया।

