गुरदासपुर के दो निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी
ई-मेल मिलते ही पुलिस हुई अलर्ट, साइबर सेल जांच में जुटा
गुरदासपुर शहर के दो प्रमुख निजी स्कूलों को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पूरे जिले में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गईं। धमकी मिलने के बाद एसएसपी आवास के निकट स्थित स्कूल और बहरामपुर रोड स्थित स्कूल में पुलिस ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आदित्य के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमें, डॉग स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। दोनों स्कूल परिसरों की गहन जांच की गई। प्रारंभिक तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, लेकिन पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है।
धमकी की सूचना के बाद स्कूल प्रबंधन, विद्यार्थियों के अभिभावकों और स्थानीय लोगों में कुछ समय के लिए चिंता का माहौल बन गया। पुलिस ने स्कूल प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरे ई-मेल की डिजिटल फुटप्रिंट की जांच शुरू कर दी गई है। साइबर सेल ई-मेल के स्रोत, आईपी एड्रेस और उसके भेजे जाने के तकनीकी पहलुओं की पड़ताल कर रही है, ताकि धमकी देने वाले की पहचान की जा सके।
एसएसपी आदित्य ने कहा कि पुलिस किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरत रही है और मामले की हर कोण से जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी जिले के कुछ स्कूलों को इसी प्रकार की धमकियां मिल चुकी हैं।

