भाजपा प्रदेशाध्यक्ष जाखड़ का सीएम पर हमला, प्रधानमंत्री से मिलने से डरते क्यों हैं सीएम मान?
पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए सवाल उठाया कि वे पंजाब के मुद्दों को लेकर आज तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने क्यों नहीं गए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री...
पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए सवाल उठाया कि वे पंजाब के मुद्दों को लेकर आज तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने क्यों नहीं गए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की यह दूरी पंजाब के हितों के खिलाफ है।
चंडीगढ़ स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान जाखड़ ने कहा कि एक फरवरी को गुरु रविदास जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री के पंजाब दौरे के समय भी मुख्यमंत्री न तो स्वागत के लिए पहुंचे और न ही मुलाकात की। उन्होंने सवाल किया कि क्या मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री से मिलने से डरते हैं।
जाखड़ ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के दबाव से बाहर निकलकर पंजाब के लिए ठोस परियोजनाओं के साथ केंद्र सरकार के पास जाएंगे, तो केंद्र हर संभव सहयोग करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जानबूझकर टकराव की राजनीति कर रही है, जिसका नुकसान सीधे पंजाब को हो रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्रीय बजट में पंजाब और किसानों को विशेष प्राथमिकता दी गई है। प्रधानमंत्री ने पंजाब दौरे के दौरान स्पष्ट किया था कि बजट से जालंधर, अमृतसर, लुधियाना, होशियारपुर, मोगा और फिरोजपुर जैसे शहरों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके बावजूद राज्य सरकार बजट को लेकर जनता को भ्रमित कर रही है। जाखड़ ने कहा कि फसल विविधीकरण और उच्च मूल्य वाली फसलों से जुड़ी योजनाओं के प्रस्ताव यदि राज्य सरकार केंद्र को भेजेगी, तभी बजटीय सहायता संभव होगी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार मछली पालन, पशुपालन और कृषि आदानों पर सब्सिडी के लिए बड़ा बजट दे रही है। खाद सब्सिडी के लिए 1.70 लाख करोड रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसका बड़ा हिस्सा पंजाब को मिलता है। सरकारी अनाज खरीद में भी पंजाब के किसानों को सीधा लाभ होता है।

