Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

BJP Victory Celebration : बंगाल के बाद अब पंजाब में भाजपा सरकार बनाएगी : सुनील जाखड़

तीन राज्यों में जीत पर चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कार्यालय में मनाया जश्न

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
चंडीगढ़ में सोमवार को तीन राज्यों के चुनाव परिणामों पर खुशी जाहिर करते हुए जीत की खुशी में झालमुड़ी खा रहे पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ व अन्य। -ट्रिब्यून फोटो
Advertisement

BJP Victory Celebration : पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदर्शन से पंजाब भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। इस जीत की खुशी में सोमवार को चंडीगढ़ स्थित प्रदेश पार्टी कार्यालय ‘पंजाब भाजपा भवन’ सहित पूरे राज्य में विभिन्न स्थानों पर मिठाई बांटकर जश्न मनाया गया। पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने चंडीगढ़ कार्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं के साथ जीत की खुशियां साझा कीं और दावा किया कि पश्चिम बंगाल की इस लहर के बाद अब अगला नंबर पंजाब का है, जहां भाजपा अपनी सरकार बनाएगी।

जाखड़ ने इन राज्यों में मिली सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नेतृत्व की नीतियों को दिया। उन्होंने कहा कि आज के परिणाम बताते हैं कि जनता का विश्वास प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लगातार बढ़ रहा है। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सुनील जाखड़ ने कहा कि यदि भाजपा बंगाल जैसे चुनौतीपूर्ण राज्य में अपनी जड़ें मजबूत कर सत्ता की ओर बढ़ सकती है, तो पंजाब में भी यह पूरी तरह संभव है।

Advertisement

उन्होंने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि बंगाल में अराजकता, बेरोजगारी, नशा और गैंगस्टरवाद के जो हालात थे, वही आज पंजाब में देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब ‘आप’ सरकार के शासन से ऊब चुकी है और भाजपा को एक सशक्त विकल्प के रूप में देख रही है। जाखड़ ने आरोप लगाया कि पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। वहीं, कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस का वजूद अब न केवल पंजाब बल्कि पूरे देश से सिमट रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में कांग्रेस ने सत्ताधारी दल के सामने पूरी तरह घुटने टेक दिए हैं। जाखड़ ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर हमला करते हुए कहा कि वे अपनी कुर्सी बचाने के लिए भ्रष्टाचार और गलत गतिविधियों पर मौन साधे हुए हैं, जिससे प्रदेश का माहौल लगातार बिगड़ रहा है।

Advertisement

2027 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद

प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे साल 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुट जाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर सिपाही केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएगा ताकि पंजाब को भ्रष्टाचार, गैंगस्टरवाद और नशे के चंगुल से मुक्त कराया जा सके। इस दौरान भाजपा नेता विनीत जोशी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

लुधियाना में कार्यकर्ताओं ने मनाया जीत का जश्न

लुधियाना (निस) :  पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी की सफलता पर सोमवार को लुधियाना इकाई ने जोरदार जश्न मनाया। जिला अध्यक्ष रजनीश धीमान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ढोल की थाप पर भांगड़ा डाला, पटाखे फोड़े और लड्डू बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित प्रदेश महामंत्री अनिल सरीन, कोषाध्यक्ष गुरदेव शर्मा देबी और जीवन गुप्ता ने इसे संगठन की मेहनत और जनता के विश्वास की जीत बताया। रजनीश धीमान ने कहा कि इन राज्यों के परिणाम दर्शाते हैं कि जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन और विकासपरक नीतियों के साथ खड़ी है।

कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश महामंत्री परवीन बंसल, बिक्रम सिंह सिद्धू, सुभाष डाबर, जिला महामंत्री नरेंद्र सिंह मल्ली, यशपाल जनोत्रा और महिला मोर्चा की अध्यक्ष शीनू चुग सहित भारी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने विश्वास जताया कि यह जीत आने वाले समय में पार्टी के लिए नई ऊर्जा का संचार करेगी।

Advertisement
×