नशे के खिलाफ पदयात्रा, जन आंदोलन का रूप ले रही नशा विरोधी मुहिम : ढिल्लों
पंजाब सरकार द्वारा नशों के खात्मे के लिए चलाई जा रही व्यापक मुहिम के तहत मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र धूरी शहर में गुरुवार को नशा विरोधी पदयात्रा निकाली गई। इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लेकर नशों...
पंजाब सरकार द्वारा नशों के खात्मे के लिए चलाई जा रही व्यापक मुहिम के तहत मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र धूरी शहर में गुरुवार को नशा विरोधी पदयात्रा निकाली गई। इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लेकर नशों के विरुद्ध एकजुट होकर लड़ने का संकल्प लिया।
मुख्यमंत्री सहायता केंद्र से शुरू हुई यह पदयात्रा पंजाब लघु उद्योग एवं निर्यात निगम के चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों तथा मार्केट कमेटी धूरी के चेयरमैन राजवंत सिंह घुल्ली की अगुवाई में निकाली गई। पदयात्रा शहर के प्रमुख बाजारों और मार्गों से होकर गुजरी, जहां लोगों को नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया और इस सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म करने के लिए सरकार का साथ देने की अपील की गई।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए दलवीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में नशों के खिलाफ शुरू की गई लड़ाई अब केवल सरकारी अभियान नहीं रही, बल्कि यह एक सशक्त जन आंदोलन बन चुकी है। उन्होंने कहा कि नशों ने समाज और खासकर युवाओं को भारी नुकसान पहुंचाया है, जिसे रोकने के लिए सरकार और जनता की साझी भागीदारी बेहद जरूरी है।
मार्केट कमेटी चेयरमैन राजवंत सिंह घुल्ली ने कहा कि यह पदयात्रा धूरी हलके के हर गांव और हर घर तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को सही मार्गदर्शन देना और उन्हें नशों से दूर रखना इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य है।
पदयात्रा के दौरान नशा विरोधी नारों से शहर का माहौल जागरूकता और संकल्प से भर गया।

