Akali Dal Delimitation Bill: परिसीमन बिल पर मिला केंद्र को अकाली दल का साथ, सुखबीर बादल ने की निष्पक्ष परिसीमन की मांग
वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक के बाद X पर लिखा महिला आरक्षण विधेयक को तत्काल लागू करने की मांग
Akali Dal Delimitation Bill: शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने महिला आरक्षण विधेयक को तत्काल लागू करने की मांग की है। शनिवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक में संसद के समक्ष लंबित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के बाद अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि शिरोमणि अकाली दल सिख गुरुओं की शिक्षाओं से प्रेरणा लेता है, जिन्होंने महिलाओं की गरिमा, समानता और समान अधिकारों की वकालत की थी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने के लिए महिला आरक्षण विधेयक को बिना किसी देरी के लागू किया जाना चाहिए।
बादल ने कहा कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) अपने सदन में महिलाओं के लिए आरक्षण का प्रावधान कर पहले ही एक उदाहरण पेश कर चुकी है।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने संसद से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श के दौरान निष्पक्ष और समान परिसीमन की भी मांग की है, ताकि सभी राज्यों को समान प्रतिनिधित्व मिल सके।
बादल के अनुसार, शिरोमणि अकाली दल ने केंद्र सरकार की ओर से सदन में रखे गए उस प्रस्ताव का समर्थन किया है, जिसमें सभी राज्यों की विधानसभा सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत की वृद्धि करने की बात कही गई है। पार्टी का मानना है कि परिसीमन की प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिससे किसी भी राज्य के साथ प्रतिनिधित्व के मामले में असमानता न हो।

