पुलिस जिला खन्ना के एसएसपी डॉ. ज्योति यादव बैंस (आईपीएस) ने बताया कि डीजीपी गौरव यादव की जीरो टॉलरेंस नीति को जमीनी स्तर पर लागू करते हुए खन्ना पुलिस ने नशों के खिलाफ निरंतर अभियान चलाया, जिसके परिणाम वर्ष 2025 में स्पष्ट रूप से सामने आए हैं। एसएसपी ने बताया कि पुलिस जिला खन्ना में तीन सब डिवीजन-खन्ना, पायल और समराला के अंतर्गत 8 पुलिस स्टेशन कार्यरत हैं। वर्ष 2025 के दौरान खन्ना पुलिस द्वारा नशा तस्करी के 719 मामले दर्ज कर 1250 छोटे-बड़े नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। जबकि वर्ष 2024 में नशा तस्करी के 246 मामले दर्ज हुए थे और 332 नशा तस्कर पकड़े गए थे। ये आंकड़े स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं कि 2025 में नशों के खिलाफ अभियान कई गुना तेज हुआ।