खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए 1793 करोड़ का बजट : हरपाल चीमा
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य में नशों के खात्मे तथा खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए 1793 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। वह यहां महाराजा भूपिंदर सिंह...
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य में नशों के खात्मे तथा खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए 1793 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। वह यहां महाराजा भूपिंदर सिंह पंजाब स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के सिद्धूवाल के नये परिसर में संस्था प्रवेश के उपलक्ष्य में आयोजित श्री गुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठ के भोग समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। वाइस चांसलर डॉ. पुष्पिंदर सिंह गिल ने वित्त मंत्री सहित उपस्थित संगत का धन्यवाद किया और चीमा को सिरोपा भेंट किया।
चीमा ने कहा कि पंजाब की युवाशक्ति को संभालने के लिए भगवंत मान सरकार ने जहां नशों के खिलाफ युद्ध छेड़ा है, वहीं खेलों को भी प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने चार वर्षों में 66 हजार सरकारी नौकरियां देकर राज्य के युवाओं के ब्रेन-ड्रेन को रोकने में सफलता हासिल की है। उन्होंने बताया कि पंजाब में पासपोर्ट बनवाने की प्रवृत्ति में कमी आई है और युवाओं का आत्मविश्वास बढऩे के कारण वे विदेश जाने से परहेज कर रहे हैं, जिससे राज्य के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में दाखिलों की संख्या भी बढ़ी है। पुष्पिंदर गिल ने विश्वास दिलाया कि उनकी यूनिवर्सिटी पंजाब सरकार की मंशा के अनुरूप राज्य के युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने और नशों के खात्मे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर पंजाबी यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. जगदीप सिंह, पंजाब एग्रो के चेयरमैन बलजिंदर सिंह ढिल्लों, जिला योजना समिति के चेयरमैन तेजिंदर मेहता, इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन हरपाल सिंह विर्क, अमरीक सिंह बंगड़, अमित डाबी, कर्नल जेवी, जसवीर सिंह गांधी, रजिस्ट्रार कर्नल परपिंदर सिंह सिद्धू, पूर्व डीआईजी मंदीप सिंह सिद्धू, एडवोकेट स्वर्ण सिंह, कमलजीत सिंह ढींढसा उपस्थित थे।

