Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

Encounter in Yamunanagar: अस्पताल व मॉल में फायरिंग करने का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, दो नाबालिग भी हिरासत में

तीनों संदिग्ध जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती, दो के पैरों में लगी गोली

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
मुठभेड़ स्थल की जांच करती टीम। ट्रिब्यून
Advertisement

Encounter in Yamunanagar: यमुनानगर जिले में रविवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो नाबालिग साथियों को हिरासत में लिया गया है। तीनों पर शहर में दो जगह फायरिंग कर दहशत फैलाने का आरोप है।

मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जबकि तीसरा आरोपी मोटरसाइकिल से गिरने के कारण घायल हो गया। तीनों को इलाज के लिए मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल, यमुनानगर में भर्ती कराया गया है।

Advertisement

Advertisement

पुलिस प्रवक्ता चमकौर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरलाल सिंह (19), निवासी कुरुक्षेत्र के रूप में हुई है। वहीं, हिरासत में लिए गए दोनों अन्य आरोपी नाबालिग हैं और करनाल जिले के तरावड़ी कस्बे के रहने वाले हैं।

बाइक सवार तीनों आरोपियों ने शनिवार रात करीब 10:30 बजे यमुनानगर में एक निजी अस्पताल परिसर और एक मॉल के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। दोनों स्थानों पर आरोपियों ने 17–18 राउंड फायर किए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के समय अस्पताल में मौजूद मरीजों, उनके तीमारदारों और आसपास के दुकानदारों में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही यमुनानगर-जगाधरी समेत जिले भर में नाकेबंदी और सघन चेकिंग शुरू कर दी गई।

उन्होंने बताया, “यमुनानगर पुलिस की सीआईए टीम कांसापुर क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। सुबह करीब 5 बजे, जब टीम ने मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो युवकों के पैरों में गोली लगी, जबकि तीसरा युवक बाइक से गिरकर घायल हो गया।”

एसपी के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान दोनों पक्षों की ओर से 25 से 30 राउंड फायरिंग हुई। उन्होंने कहा, “प्रारंभिक जांच में मामला जबरन वसूली (एक्सटॉर्शन) से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी आपराधिक गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।”

Advertisement
×