World Air Quality Report : सांसों पर संकट...UP का लोनी बना सबसे प्रदूषित शहर, भारत छठे स्थान पर
दुनिया के 25 सबसे प्रदूषित शहर भारत, पाकिस्तान और चीन में स्थित
World Air Quality Report : भारत वायु प्रदूषण के प्रमुख कारक सूक्ष्म कण (पीएम) के स्तर के मामले में दुनिया का छठा सबसे प्रदूषित देश, जबकि उत्तर प्रदेश का लोनी विश्व स्तर पर सबसे प्रदूषित शहर है। यह जानकारी विश्व वायु गुणवत्ता रिपोर्ट, 2025 में दी गई है।
स्विट्जरलैंड की वायु गुणवत्ता प्रौद्योगिकी कंपनी आईक्यूएयर द्वारा प्रकाशित रिपोर्ट के आठवें संस्करण में 143 देशों, क्षेत्रों के 9,446 शहरों में स्थित निगरानी केंद्रों से प्राप्त आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। विश्व के दस सबसे प्रदूषित शहरों में से पांच भारत के हैं- लोनी, बिर्नीहाट, दिल्ली, गाजियाबाद और उला। रिपोर्ट में कहा गया है कि दुनिया के 25 सबसे प्रदूषित शहर भारत, पाकिस्तान और चीन में स्थित हैं, जिनमें से चार सबसे प्रदूषित शहरों में से तीन भारत में हैं।
भारत का लोनी शहर सबसे प्रदूषित शहर है, जहां पीएम 2.5 की वार्षिक औसत सांद्रता 112.5 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज की गई है, जो 2024 से लगभग 23 प्रतिशत अधिक है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के दिशानिर्देश से 22 गुना से भी अधिक है।

