Women Reservation Bill : संसद में गरजे अमित शाह, कहा- इंडी गठबंधन महिला आरक्षण में डाल रहा अड़ंगे
किंतु-परंतु का उपयोग कर महिला आरक्षण का विरोध कर रहा 'इंडी' गठबंधन: अमित शाह
Women Reservation Bill : गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को लोकसभा में कहा कि विपक्षी 'इंडी' गठबंधन किंतु-परंतु और अगर-मगर का उपयोग करके महिला आरक्षण का विरोध कर रहा है।
उन्होंने महिला आरक्षण अधिनियम से संबंधित 'संविधान (131वां) संशोधन विधेयक 2026', 'परिसीमन विधेयक, 2026' और 'संघ राज्य विधि (संशोधन) विधेयक, 2026' पर सदन में हुई चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि जो लोग परिसीमन का विरोध कर रहे हैं वे कहीं न कहीं अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (एससी-एसटी) के लिए आरक्षित सीटों में बढ़ोतरी का विरोध कर रहे हैं।
गृह मंत्री ने अलग-अलग सीटों के बीच जनसंख्या के असंतुलन का हवाला देते हुए कहा कि यह परिसीमन से ही ठीक हो सकता है और विपक्ष को इसमें सहयोग करना चाहिए। शाह ने कहा, ''सबने (सदन में) बोला कि वे महिला आरक्षण के पक्ष में हैं, लेकिन जब बारीकी से देखें तो 'इंडी' गठबंधन के सदस्यों ने अगर-मगर, किंतु-परंतु का उपयोग करके महिला आरक्षण का विरोध किया।''
उन्होंने कहा, ''किसी संसदीय क्षेत्र में 39 लाख की आबादी हो गई है तो कहीं 60 हजार है...सांसद तो (अपने निर्वाचन क्षेत्र में) लोगों को अपना मुंह दिखा नहीं पाते...ऐसी स्थिति में कोई सांसद कैसे अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेगा।'' उन्होंने कहा, ''इसी बात को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर परिसीमन का प्रावधान किया गया है।''
